Business News: सार्वजनिक क्षेत्र की एनर्जी एफिशिएंसी सर्विसेज लि. (ईईएसएल) दो चरणों में पांच लाख इलेक्ट्रिक चूल्हे खरीदने के लिए नई निविदा जारी करने की योजना बना रही है। पश्चिम एशिया में जारी संकट के कारण एलपीजी और देश की प्राकृतिक गैस आपूर्ति प्रभावित हुई है। इस लिहाज से यह कदम महत्वपूर्ण है। ईईएसएल ने हाल ही में बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए एक लाख इंडक्शन (इलेक्ट्रिक) चूल्हे के लिए निविदा जारी की है।
बढ़ती मांग को देखते हुए नई निविदा
सूत्रोंने बताया कि वर्तमान बाजार में मांग की अच्छी प्रतिक्रिया को देखते हुए, ईईएसएल मौजूदा विक्रेता की मात्रा की खपत के बाद पांच लाख से अधिक इकाइयों के लिए एक नई निविदा जारी करने की योजना बना रही है। विभिन्न राज्य सरकारों और ग्राहकों से मिली शुरुआती प्रतिक्रिया के बाद इंडक्शन-चूल्हे के लिए उपयुक्त बर्तनों के लिए भी निविदा जारी की है। हाल ही में, होर्मुज जलडमरूमध्य में व्यवधान के कारण एलपीजी की कमी के बीच इलेक्ट्रिक चूल्हे की कीमतों में भारी उछाल आया है।
राष्ट्रीय इलेक्ट्रिक कुकिंग प्रोग्राम
ईईएसएल ने2023 में राष्ट्रीय ‘इलेक्ट्रिक कुकिंग प्रोग्राम’ (एनईसीपी) शुरू किया था। कंपनी अपने राष्ट्रीय कुशल खाना पकाने के कार्यक्रम के माध्यम से ‘इलेक्ट्रिक कुकिंग’ को बढ़ावा दे रही है। यह कार्यक्रम उजाला और ग्राम उजाला जैसे सरकार द्वारा प्रायोजित कार्बन-बचत कार्यक्रमों के अनुभव पर आधारित है। राष्ट्रीय कुशल खाना पकाने का कार्यक्रम (एनईसीपी) भारत सरकार के ‘गो-इलेक्ट्रिक’ अभियान के तहत एक प्रमुख पहल है। इसे 2 नवंबर 2023 को शुरू किया गया था।
सरकार का ‘गो-इलेक्ट्रिक’ अभियान
उजालाऔर ग्राम उजाला के जरिए सरकार मात्र 10 रुपये में एलईडी बल्ब से ग्रामीण इलाकों के परिवारों को उच्च गुणवत्ता वाले 7-वॉट और 12-वॉट के एलईडी बल्ब दे रही है। कुछ इसी तरह सरकार कम कीमत में आम लोगों को महंगे गैस सिलेंडर से राहत पहुंचाने के लिए इंडक्शन चूल्हे देने पर काम कर रही है। ईईएसएल ने कीमतों को स्थिर रखते हुए बढ़ती मांग को पूरा करने के लिए यह कदम उठाया है। फिलहाल यह योजना क्रियान्वयन के चरण में है।


