हिमाचल में स्मार्ट मीटर लगते ही बदला नियम, अब घर नहीं आएगा बिजली बिल, लापरवाही पर कटेगा कनेक्शन

Himachal News: हिमाचल प्रदेश के बिजली उपभोक्ताओं के लिए एक बड़ी और जरूरी खबर है। राज्य विद्युत बोर्ड ने नए स्मार्ट मीटर लगाने के बाद पारंपरिक व्यवस्था को पूरी तरह बदल दिया है। अब उपभोक्ताओं के घरों पर कागज वाला बिजली बिल नहीं आएगा। लोगों को अब ऑनलाइन ही अपना बिल चेक करना होगा।

विभाग ने छोटी काशी के नाम से प्रसिद्ध मंडी शहर में इस नई डिजिटल व्यवस्था को लागू कर दिया है। यहां लगाए गए स्मार्ट मीटरों का बिल अब सीधे ऑनलाइन सिस्टम जनरेट करेगा। बिजली उपभोक्ताओं को अब बिल की कोई हार्ड कॉपी या रसीद हाथ में नहीं दी जाएगी।

मंडी शहर में हजारों स्मार्ट मीटर लगाने का काम तेज

बिजली विभाग के आंकड़ों के अनुसार मंडी शहर में कुल 19,000 मीटर बदले जाने हैं, जिनमें से 3,500 से अधिक स्मार्ट मीटर लग चुके हैं। इन नए मीटरों को इंस्टॉल करते समय उपभोक्ताओं ने जो मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी बिजली बोर्ड को दी है, उसी पर बिल का मैसेज भेजा जा रहा है।

अक्सर लोग घरों में पुराने कागजी बिलों का इंतजार करते रहते हैं, जबकि विभाग का ऑनलाइन सिस्टम समय पर बिल जनरेट कर देता है। इस डिजिटल बिल का भुगतान मैसेज मिलने के 15 दिनों के भीतर ऑनलाइन मोड में करना बेहद अनिवार्य होता है। देरी होने से बिल पेंडिंग हो रहे हैं।

तय समय पर भुगतान न करने पर कटेगी बिजली

हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड ने बिल जमा न करने वाले डिफॉल्टर्स के खिलाफ सख्त आदेश जारी किए हैं। जिन उपभोक्ताओं ने इस महीने तय तारीख तक अपने बिजली बिल का ऑनलाइन भुगतान नहीं किया है, उनका कनेक्शन बिना किसी पूर्व सूचना के तुरंत काट दिया जाएगा।

बिजली बोर्ड के कड़े नियमों के मुताबिक दोबारा कनेक्शन जोड़ने के लिए उपभोक्ताओं को 250 रुपये का अतिरिक्त री-कनेक्शन शुल्क देना पड़ेगा। इसलिए विभाग ने उपभोक्ताओं से समय पर भुगतान करने की अपील की है ताकि उन्हें किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

वेबसाइट और आधिकारिक मोबाइल एप से डाउनलोड करें बिल

विद्युत उपमंडल-1 के सहायक अभियंता नरेश ठाकुर ने बताया कि उपभोक्ता अपने बिजली बिलों को एचपीएसईबीएल की आधिकारिक वेबसाइट https://www.hpseb.in या ऑफिशियल मोबाइल एप के जरिए आसानी से डाउनलोड कर सकते हैं। उपभोक्ता इसी डिजिटल प्लेटफॉर्म के माध्यम से अपने बिलों का सुरक्षित भुगतान भी कर सकते हैं।

उन्होंने सभी बिजली उपभोक्ताओं से विशेष आग्रह किया है कि वे अपने नजदीकी विद्युत कार्यालय में जाकर अपना चालू मोबाइल नंबर और ई-मेल आईडी तुरंत अपडेट करवा लें। इससे उपभोक्ताओं को बिजली बिल, आखिरी तारीख और अन्य जरूरी सूचनाओं के अलर्ट वाले संदेश समय पर मिलते रहेंगे।

Reported By: Sunita Gupta

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories