World News: बांग्लादेश की तारिक रहमान सरकार ने शेख हसीना की पार्टी अवामी लीग के स्थापना दिवस से ठीक पहले पूरे देश में हाई अलर्ट जारी कर दिया है। गृह मंत्री सलाहुद्दीन अहमद ने देश में बड़े पैमाने पर अशांति और अस्थिरता फैलने की गंभीर आशंका जताई है।
गृह मंत्री अहमद ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस में खुलासा किया कि उन्हें खुफिया एजेंसियों से इनपुट मिले हैं। इसके अनुसार, अवामी लीग 23 जून के आसपास देश का माहौल बिगाड़ सकती है। सरकार ने सुरक्षा बलों को उपद्रवियों और तोड़-फोड़ करने वालों से सख्ती से निपटने के आदेश दिए हैं।
अवामी लीग को माफिया मानती है सरकार
बांग्लादेश के गृह मंत्री ने तीखा रुख अपनाते हुए कहा कि वर्तमान सरकार अवामी लीग को कोई राजनीतिक दल नहीं, बल्कि एक माफिया संगठन मानती है। पुलिस मुख्यालय ने सभी क्षेत्रीय यूनिट्स को आंतरिक संदेश भेजकर किसी भी अप्रिय घटना को रोकने के लिए मुस्तैद रहने को कहा है।
खुफिया रिपोर्टों के अनुसार, अवामी लीग के कार्यकर्ता स्थापना दिवस के मौके पर अचानक सड़कों पर जुलूस निकालने और स्थानीय दफ्तरों पर झंडे फहराने की फिराक में हैं। पुलिस को आशंका है कि इससे छात्रों के नेतृत्व वाली नेशनल सिटिजन पार्टी के साथ हिंसक टकराव हो सकता है।
गौरतलब है कि छात्रों के भारी विरोध और हिंसक प्रदर्शनों के बाद 5 अगस्त 2024 को शेख हसीना की सरकार गिर गई थी। इसके बाद मोहम्मद यूनुस के नेतृत्व वाली अंतरिम व्यवस्था के दौरान अवामी लीग को भंग कर दिया गया था, जिससे वहां का राजनीतिक समीकरण पूरी तरह बदल गया।
अवामी लीग बांग्लादेश की सबसे पुरानी राजनीतिक पार्टी है। इसकी स्थापना साल 1949 में पूर्वी पाकिस्तान के दौर में हुई थी। इस पार्टी ने साल 1971 के ऐतिहासिक मुक्ति संग्राम का नेतृत्व किया था, जिसके बाद दुनिया के नक्शे पर स्वतंत्र बांग्लादेश का उदय हुआ था।
Author: Pallavi Sharma

