Jharkhand News: सुंदर नगर थाना क्षेत्र में एक चिप्स और कुरकुरे के गोदाम में भीषण आग लग गई। सौरभ इंटरप्राइजेज के इस गोदाम में बिस्किट, चिप्स और कुरकुरे भारी मात्रा में रखे थे। आग की सूचना पर अग्निशमन की पांच गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। घंटों की मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया जा सका। गोदाम में रखा लाखों रुपये का सामान पूरी तरह जलकर राख हो गया।
कचरे की आग से उड़ी चिंगारी, गोदाम में लगी आग
यह गोदाम कृष्णा ढाबा के पास स्थित है। स्थानीय लोगों ने बताया कि गोदाम के बाहर कचरे के ढेर में आग लगाई गई थी। हवा के झोंके के साथ कोई चिंगारी उड़कर गोदाम में रखे चिप्स के पैकेट पर जा गिरी। इसके बाद पूरा गोदाम धू-धू कर जलने लगा। कर्मचारियों ने बाल्टी से पानी लाकर आग बुझाने की कोशिश की, लेकिन वे कामयाब नहीं हुए। उन्होंने गोदाम में रखी इलेक्ट्रिक बाइक को समय रहते बाहर निकाल लिया।
अग्निशमन की पांच गाड़ियों ने घंटों में पाया काबू
घटना की जानकारी मिलने पर सुंदर नगर थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने तुरंत अग्निशमन विभाग को फोन किया। मौके पर अग्निशमन विभाग की पांच गाड़ियां पहुंचीं। इनमें यूसिल की दो, सीआरपीएफ की एक और झारखंड अग्निशमन विभाग की दो गाड़ियां शामिल थीं। फायर कर्मियों ने घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। तब तक गोदाम का सारा सामान जल चुका था। गोदाम पूरी तरह भरा हुआ था।
मालिक गुरप्रीत सिंह ने बताया- सात लाख का स्टॉक आया था हाल ही में
गोदाम के मालिक गुरप्रीत सिंह घर पर थे। तभी किसी का फोन आया और उसने बताया कि गोदाम में आग लग गई है। वह तुरंत मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक आग भीषण हो चुकी थी। गोदाम के कर्मचारियों ने बताया कि कुछ दिनों पहले ही यहां सात लाख रुपये का स्टॉक आया था। सब कुछ जलकर राख हो गया है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अग्निशमन विभाग आग लगने के सटीक कारणों की पड़ताल कर रहा है। स्थानीय लोगों ने कचरा जलाने पर रोक लगाने की मांग की है।


