Himachal Pradesh News: कीरतपुर-नेरचौक फोरलेन यानी चंडीगढ़-मनाली हाईवे पर स्थित गरामोड़ा एंट्री टैक्स बैरियर पर शनिवार को भारी हंगामा हुआ। टैक्स वसूली को लेकर भड़के विवाद के कारण हाईवे पर कई किलोमीटर लंबा महाजाम लग गया। इस भीषण जाम में एक एंबुलेंस भी घंटों फंसी रही।
एंबुलेंस में जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे मरीज को तड़पता देख लोगों का गुस्सा भड़क उठा। चिलचिलाती गर्मी के बीच घंटों तक लगे इस जाम ने वाहन चालकों, पर्यटकों और स्थानीय निवासियों को बुरी तरह बेहाल कर दिया। गुस्साए लोगों ने मौके पर ही प्रशासन के खिलाफ जमकर नारेबाजी की।
निर्धारित शुल्क से अधिक की अवैध वसूली पर भड़का गुस्सा
इस पूरे बवाल की मुख्य वजह बैरियर पर तैनात कर्मचारियों की मनमानी बताई जा रही है। आरोप है कि कर्मचारी बाहरी राज्यों के वाहनों से तयशुदा 100 रुपये के बजाय जबरन 125 रुपये वसूल रहे थे। अवैध वसूली के इस खेल के कारण ही वाहन चालक बिफर गए और पूरा हाईवे जाम हो गया।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि ठेकेदार ने नियमों को पूरी तरह ताक पर रख दिया है। बैरियर पर तैनात कर्मचारियों के पास न तो कोई तय यूनिफॉर्म है और न ही गले में पहचान पत्र। बिना किसी ट्रेनिंग के कोई भी व्यक्ति हाथ में स्वाइप मशीन लेकर वाहनों से अवैध वसूली करने लग जाता है।
खड़ी चढ़ाई और शोर-शराबे से स्थानीय जनता बेहाल
सड़क पर पारदर्शिता न होने से आए दिन वाहन चालकों और बैरियर कर्मियों के बीच तीखी बहस, गाली-गलौज और विवाद होते हैं। स्थानीय निवासियों के मुताबिक बैरियर एक खड़ी चढ़ाई पर बना है। इसके कारण गाड़ियों की रफ्तार धीमी होती है और टैक्स काटने में देरी से वाहनों की कतार लग जाती है।
महाजाम के दौरान लगातार बजने वाले लाउड हॉर्न के शोर से आसपास के घरों में रहने वाले बीमार बुजुर्ग और छोटे बच्चे त्रस्त हैं। ग्रामीणों ने बताया कि वे इस एंट्री टैक्स बैरियर को किसी समतल जगह पर शिफ्ट करने की गुहार कई बार सरकार से लगा चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई।
Reported By: Sunita Gupta


