Delhi News: रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू (आरसीबी) ने आईपीएल 2026 का खिताब जीतकर इतिहास रच दिया है। फाइनल मुकाबले में आरसीबी ने गुजरात टाइटंस को 5 विकेट से शिकस्त दी। इस खिताबी जीत के साथ ही बेंगलुरू की टीम ने लगातार अपनी दूसरी आईपीएल ट्रॉफी पर कब्जा जमाया है।
इस पूरे सीजन वैभव सूर्यवंशी, प्रिंस यादव और अंशुल कंबोज जैसे युवा खिलाड़ियों ने अपने धमाकेदार प्रदर्शन से खूब महफिल लूटी। वहीं दूसरी तरफ कई दिग्गज विदेशी खिलाड़ी पूरी तरह फ्लॉप साबित हुए। अपनी फ्रेंचाइजी टीम के लिए ये अंतरराष्ट्रीय मैच विनर खिलाड़ी इस बार बड़ी कमजोरी बन गए।
मार्को जानसेन और जैकब बैथेल का निकला दम
विश्व के सबसे बेहतरीन ऑलराउंडर खिलाड़ियों में शुमार मार्को जानसेन इस सीजन में पूरी तरह नाकाम साबित हुए। पूरे टूर्नामेंट में उनके बल्ले से केवल 51 रन ही निकल सके। वहीं गेंदबाजी में वह 10.20 की महंगी इकोनॉमी रेट से सिर्फ 9 विकेट ही चटका पाए।
टी20 वर्ल्ड कप 2026 में धमाल मचाने वाले जैकब बैथेल का जादू भी इस बार पूरी तरह गायब रहा। आईपीएल के इस सीजन में उन्होंने 7 मैच खेले। इस दौरान वह 124.68 के मामूली स्ट्राइक रेट के साथ कुल 96 रन ही बना सके और बुरी तरह फ्लॉप रहे।
शिमरोन हेटमायर बने राजस्थान रॉयल्स की मुसीबत
कैरेबियाई बल्लेबाज शिमरोन हेटमायर अपनी तूफानी और आक्रामक बल्लेबाजी के लिए पूरी दुनिया में जाने जाते हैं। लेकिन इस साल राजस्थान रॉयल्स के लिए खेलते हुए उनका बल्ला पूरी तरह खामोश रहा। उन्होंने सीजन में 8 मैच खेलकर सिर्फ 78 रन बनाए, जिससे टीम को बड़ा नुकसान हुआ।
चेन्नई सुपर किंग्स की मिडिल ओवरों में खराब बल्लेबाजी का सबसे बड़ा कारण डेवाल्ड ब्रेविस का खराब फॉर्म रहा। अंतर्राष्ट्रीय टी20 क्रिकेट में 163 से ज्यादा का स्ट्राइक रेट रखने वाले ब्रेविस ने इस बार 128 के स्ट्राइक रेट से महज 151 रन ही बनाए।
ट्रेंट बोल्ट की स्विंग गेंदबाजी का खोया जादू
मुंबई इंडियंस की तरफ से खेलने वाले स्विंग के जादूगर ट्रेंट बोल्ट भी इस बार फीके नजर आए। हर सीजन में अपनी घातक गेंदबाजी से विपक्षी टीम को डराने वाले बोल्ट इस साल पूरी तरह बेअसर दिखे। उन्होंने 5 मैचों में गेंदबाजी करते हुए केवल 2 विकेट हासिल किए।
करोड़ों रुपये की मोटी कीमत पर बिकने वाले इन विदेशी दिग्गजों के खराब प्रदर्शन ने उनकी टीमों का समीकरण पूरी तरह बिगाड़ दिया। फैंस को उम्मीद थी कि ये स्टार खिलाड़ी अपनी टीम की नैया पार लगाएंगे। लेकिन मैदान पर इनका खराब प्रदर्शन फ्रेंचाइजी मालिकों को बहुत भारी पड़ा है।
Author: Prem Sharma


