Jammu Kashmir News: जम्मू-कश्मीर विधानसभा में बजट सत्र के दौरान माहौल गरमा गया। कांग्रेस और भाजपा के विधायकों के बीच तीखी नोकझोंक शुरू हो गई। कांग्रेस के कुछ विधायक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारेबाजी कर रहे थे, जिस पर भाजपा विधायक भड़क गए और जवाबी नारे लगाने लगे। स्थिति तब और तनावपूर्ण हो गई जब भाजपा के कुछ विधायकों ने राहुल गांधी को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणियां करनी शुरू कर दीं। इसके बाद दोनों पक्षों के बीच धक्का-मुक्की की नौबत आ गई। सुरक्षाकर्मियों को बीच-बचाव करना पड़ा, जिसके बाद किसी तरह स्थिति को नियंत्रित किया गया।
सत्र शुरू होते ही नारेबाजी का दौर
बजट सत्र शुरूहोते ही हंगामा शुरू हो गया। भाजपा विधायकों ने नेशनल लॉ यूनिवर्सिटी को लेकर मांग उठाते हुए बैनर लहराए। वहीं नेशनल कॉन्फ्रेंस और पीडीपी विधायक ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई की तस्वीर और ईरान के समर्थन में बैनर लहरा रहे थे। नेशनल कॉन्फ्रेंस विधायक तनवीर सादिक ने काले कपड़े पहन रखे थे और माथे पर कुछ लिखा हुआ था। ईरान पर इजराइल और अमेरिका के हमले के खिलाफ भाजपा विधायक ‘जम्मू को इंसाफ दो’ के नारे लगा रहे थे, जबकि नेशनल कॉन्फ्रेंस विधायक ‘इजराइली मुर्दाबाद’ के नारे लगा रहे थे।
कैबिनेट ने विकास परियोजनाओं को दी मंजूरी
हंगामेके बीच जम्मू-कश्मीर कैबिनेट ने गुरुवार को कई विकास परियोजनाओं को मंजूरी दी। मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के सरकारी आवास पर हुई बैठक करीब एक घंटे तक चली। कैबिनेट ने दो सीवरेज और ड्रेनेज परियोजनाओं को मंजूरी दी। कठुआ के लिए 44 करोड़ रुपये और पंपोर के लिए 24 करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए। आवास और शहरी विकास विभाग द्वारा लागू की जाने वाली इन परियोजनाओं से घरों से निकलने वाले गंदे पानी को सीवेज ट्रीटमेंट प्लांट से जोड़कर साफ-सफाई की स्थिति में सुधार होगा। बैठक का मुख्य जोर विकास की गति तेज करने, सेवाओं की डिलीवरी बेहतर बनाने और संतुलित विकास सुनिश्चित करने पर था। फिलहाल विधानसभा में तनाव बना हुआ है।

