Una News: हिमाचल में चलती सरकारी बस बनी आग का गोला, ड्राईवर की जांबाजी ने बचाई दर्जनों यात्रियों की जिंदगी

- Advertisement -

Himachal Pradesh News: ऊना जिला में उस समय बड़ा हड़कंप मच गया जब एक चलती हुई एचआरटीसी सरकारी बस में अचानक भीषण आग लग गई। यह बस तलवाड़ा से वाया चिंतपूर्णी-ऊना होते हुए नालागढ़-बद्दी रूट पर जा रही थी। हालांकि, जांबाज बस चालक की सूझबूझ से एक बहुत बड़ा और भयानक हादसा टल गया।

यह खौफनाक वाकया ऊना शहर के केनरा बैंक के पास पेश आया। जब बस वहां पहुंची, तो उसके इंजन और गियर बॉक्स वाले हिस्से से अचानक काला धुआं उठने लगा। इस तकनीकी खराबी के वक्त गाड़ी के अंदर करीब 12 यात्री सफर कर रहे थे। चलती गाड़ी में धुआं देखकर सभी बुरी तरह डर गए।

- Advertisement -

ड्राईवर ने दिखाई मुस्तैदी और सुरक्षित बचाए यात्री

बस चालक संदीप कुमार ने तुरंत सूझबूझ दिखाते हुए गाड़ी को सड़क किनारे सुरक्षित खड़ा कर दिया। उन्होंने बिना वक्त गंवाए सभी यात्रियों को गाड़ी से फौरन बाहर सुरक्षित निकाला। इसके बाद चालक ने स्थानीय लोगों की मदद लेकर इंजन में भड़की इस आग पर समय रहते पूरी तरह काबू पा लिया।

संदीप की इस बहादुरी के कारण आग बस की सीटों और अन्य हिस्सों तक बिल्कुल नहीं पहुंच पाई। घटना के तत्काल बाद सड़क परिवहन निगम के प्रबंधन को इस बारे में सूचित किया गया। अधिकारियों ने यात्रियों की सुरक्षा और सुविधा के लिए तुरंत मौके पर एक दूसरी वैकल्पिक बस का इंतजाम किया।

इसके बाद सभी मुसाफिरों को उनकी मंजिल के लिए सुरक्षित रवाना किया गया। चालक की इस बहादुरी और त्वरित कार्रवाई की हर जगह जमकर सराहना हो रही है। इस घटना ने एक बार फिर सरकारी बसों में सफर करने वाले लोगों की सुरक्षा व्यवस्था और तकनीकी जांच पर ध्यान खींचा है।

Reported By: Sunita Gupta

- Advertisement -

बड़ी खबरें

Topics

Related Articles