गर्मियों की छुट्टियों के बाद स्कूल खुलते ही सड़कों पर रेंगने लगे वाहन, मेडिकल कॉलेज चौराहे पर लगा भीषण जाम

- Advertisement -

Prayagraj News: गर्मियों की छुट्टियां खत्म होने के बाद स्कूल खुलते ही शहर की यातायात व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। बुधवार दोपहर को स्कूल बसों, वैन और निजी वाहनों के एक साथ सड़कों पर उतरने से चारों तरफ भीषण जाम लग गया। इस दौरान मेडिकल कॉलेज चौराहे पर वाहनों की सबसे लंबी कतारें देखी गईं।

लाउदर रोड चौराहे से लेकर मेडिकल कॉलेज तक गाड़ियां रेंगती नजर आईं। इस दौरान उमस भरी गर्मी में फंसे स्कूली बच्चों, दफ्तर जाने वाले कर्मचारियों और आम नागरिकों को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। इस गंभीर संकट के समय संवेदनशील चौराहों पर ट्रैफिक पुलिसकर्मी भी नदारद दिखे।

- Advertisement -

भीषण जाम में फंसीं कई एंबुलेंस, सायरन बजाने के बाद भी नहीं मिला रास्ता

सड़कों पर अव्यवस्थित ट्रैफिक के कारण आपातकालीन सेवाएं भी पूरी तरह ठप हो गईं। विभिन्न अस्पतालों से गंभीर मरीजों को लेकर आ रही कई एंबुलेंस इस महाजाम में घंटों फंसी रहीं। एंबुलेंस चालकों द्वारा लगातार सायरन बजाने और अपील करने के बावजूद लापरवाही के चलते किसी ने रास्ता नहीं दिया।

लेन अनुशासन टूटने और वाहन चालकों के चौराहे के बीच में गाड़ी खड़ी कर देने से स्थिति और बिगड़ गई। एंबुलेंस चालकों तिलक धारी और रण विजय ने बताया कि सीटी स्कैन और अल्ट्रासाउंड के लिए जा रहे मरीजों को समय पर अस्पताल पहुंचाना बेहद मुश्किल हो गया था।

नियम तोड़ते दिखे ई-रिक्शा और ऑटो चालक, ट्रैफिक पुलिस की व्यवस्था फेल

सड़कों पर ऑटो और ई-रिक्शा चालकों द्वारा सवारी बैठाने के चक्कर में मनमाने ढंग से गाड़ियां मोड़ने से जाम लगातार बढ़ता गया। कई दोपहिया वाहन चालक गलत दिशा से निकलने की कोशिश करते हुए ट्रैफिक ब्लॉक करते रहे। स्थानीय नागरिकों ने प्रशासन के इस ढुलमुल रवैए पर गंभीर सवाल उठाए हैं।

स्कूली छात्राओं दीक्षा और स्वेक्षा ने बताया कि रोजाना जाम में फंसने से उनकी पढ़ाई का कीमती समय बर्बाद हो रहा है। लगातार बढ़ते वाहनों के दबाव को संभालने के लिए शहर में कोई स्थायी योजना नजर नहीं आ रही है। जनता ने इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए कड़े कदम उठाने की मांग की है।

- Advertisement -

बड़ी खबरें

Topics

Related Articles