Patna News: बिहार की राजधानी पटना के राजा बाजार इलाके से एक बेहद हैरान करने वाला मामला सामने आया है। यहां बीच सड़क पर एक पुलिसकर्मी और आम युवक के बीच जमकर लात-घूंसे चले हैं। इस पूरी घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर बहुत तेजी से वायरल हो रहा है।
गुरुवार को सामने आए इस वीडियो में साफ दिख रहा है कि कैसे खाकी वर्दीधारी और युवक आपस में भिड़ गए। किसी बात को लेकर शुरू हुई मामूली कहासुनी देखते ही देखते भयानक हाथापाई में बदल गई। दोनों के बीच सड़क के बीचों-बीच काफी देर तक धक्का-मुक्की चलती रही।
इस हाई वोल्टेज ड्रामे के दौरान सड़क पर आने-जाने वाले लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। बेहद अफसोस की बात है कि लोग बीच-बचाव करने के बजाय मूकदर्शक बने रहे। वहां मौजूद कई लोग अपने मोबाइल फोन से इस पूरी घटना का वीडियो बनाते नजर आए।
स्थानीय थाना अध्यक्षों ने घटना की जानकारी से किया साफ इंकार
सड़क पर सरेआम हुए इस हंगामे को लेकर जब स्थानीय पुलिस प्रशासन से संपर्क किया गया तो अजीब स्थिति पैदा हो गई। शास्त्री नगर और हवाई अड्डा थाना के थानाध्यक्षों ने इस तरह के किसी भी विवाद या घटना की जानकारी होने से साफ तौर पर इंकार कर दिया।
हालांकि सोशल मीडिया पर दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो गुरुवार का ही है। लेकिन पुलिस विभाग की तरफ से इसकी सत्यता, सही समय और सटीक स्थान की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। पुलिस की टीम मामले की आंतरिक स्तर पर गहन जांच कर रही है।
Author: Amit Yadav

