ऊना में बड़ा हादसा टला: HRTC की चलती बस में भड़की भीषण आग, चालक की सूझबूझ से बची 12 यात्रियों की जान

- Advertisement -

Himachal Pradesh News: हिमाचल प्रदेश के ऊना जिले से एक बेहद चौंकाने वाली घटना सामने आई है, जहां हिमाचल पथ परिवहन निगम (HRTC) की एक चलती बस में अचानक भीषण आग लग गई। इस अचानक हुई घटना से बस में सवार यात्रियों के बीच हड़कंप और अफरा-तफरी मच गई।

यह बस तलवाड़ा से बाया चिंतपूर्णी और ऊना होते हुए नालागढ़ बद्दी की तरफ जा रही था। गनीमत यह रही कि बस चालक ने समय रहते सूझबूझ और तत्परता दिखाई, जिससे एक बहुत बड़ा हादसा होने से टल गया। बस में सवार सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है।

- Advertisement -

इंजन से अचानक निकलने लगा काला धुआं

प्राप्त जानकारी के अनुसार, एचआरटीसी की यह बस जब ऊना शहर में स्थानीय केनरा बैंक के पास पहुंची, तभी अचानक उसके इंजन और गियर बॉक्स के पास से तेज धुआं निकलने लगा। चलती बस से धुआं उठता देख अंदर बैठे करीब 12 यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और डर का माहौल बन गया।

इसी बीच बस में सवार एक सजग यात्री ने तुरंत चालक संदीप कुमार को धुआं निकलने की जानकारी दी। चालक ने जब तुरंत बोनट की तरफ देखा तो वहां आग की लपटें दिखाई दे रही थीं। स्थिति को भांपते हुए चालक ने बिना देर किए बस को तुरंत सड़क किनारे लगा दिया।

स्थानीय लोगों की मदद से बुझाई गई आग

चालक ने तुरंत अपनी पानी की बोतल से आग बुझाने की कोशिश शुरू की और साथ ही सभी यात्रियों को फटाफट बस से नीचे उतारा। इसके बाद स्थानीय लोग भी मदद के लिए आगे आए और सबने मिलकर आग पर काबू पा लिया, जिससे आग पूरी बस में नहीं फैल सकी।

इस हादसे में किसी भी यात्री को कोई चोट नहीं आई है। घटना के तुरंत बाद एचआरटीसी प्रबंधन ने तत्परता दिखाते हुए यात्रियों के लिए दूसरी बस का इंतजाम किया। इसके बाद सभी यात्रियों को उनके गंतव्य नालागढ़ और बद्दी के लिए सुरक्षित रवाना कर दिया गया।

Author: Sunita Gupta

- Advertisement -

बड़ी खबरें

Topics

Related Articles