Gurugram News: दिल्ली से सटे द्वारका एक्सप्रेसवे के नजदीक एक भीषण सड़क हादसे में दो युवकों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि एक अन्य युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। एक तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने कार को इतनी जोरदार टक्कर मारी कि गाड़ी के परखच्चे उड़ गए।
चाय पीने निकले थे दोस्त और रास्ते में हुआ हादसा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, 4 जुलाई की रात शुभम अपने दोस्तों राहुल गिल, उमंग बेनीवाल, सनी और राहुल खत्री के साथ कार में सवार होकर चाय पीने के लिए निकले थे। जैसे ही उनकी कार बामडोली रेड लाइट पार कर द्वारका एक्सप्रेसवे की तरफ बढ़ी, तभी यह हादसा हो गया।
अस्पताल में डॉक्टरों ने दो युवकों को मृत घोषित किया
तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने उनकी कार को साइड से जोरदार टक्कर मार दी। इस हादसे में राहुल गिल और उमंग बेनीवाल गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, लेकिन इलाज के दौरान डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। वहीं राहुल खत्री का इलाज जारी है।
भारतीय न्याय संहिता के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू
घटना की सूचना मिलते ही सेक्टर-93 चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और क्षतिग्रस्त कार को कब्जे में ले लिया। मृतकों के शवों का पोस्टमार्टम कराकर उन्हें परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने घायल शुभम की शिकायत पर अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) के तहत मामला दर्ज किया है।
सीसीटीवी फुटेज के आधार पर फरार आरोपी की तलाश जारी
पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ बीएनएस की धारा 281 और 106 के तहत केस दर्ज किया है। फिलहाल पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। पुलिस अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरार अज्ञात वाहन और उसके चालक की सरगर्मी से तलाश में जुटी है।

