Gorakhpur News: विश्वविद्यालय चौक के पास शुक्रवार की दोपहर एक भयानक हादसा होते-होते बचा। यात्रियों से खचाखच भरे एक सीएनजी ऑटो में अचानक भीषण आग लग गई। देखते ही देखते कुछ ही मिनटों में ऑटो बीच सड़क पर धूं-धूं कर जलने लगा।
ऑटो चालक की सूझबूझ और फायर ब्रिगेड की तत्परता से आज एक बहुत बड़ा हादसा टल गया है। ऑटो में सवार सभी पांच यात्रियों को समय रहते सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया। दोपहर करीब एक बजे यह ऑटो मोहद्दीपुर से विश्वविद्यालय चौक की ओर जा रहा था।
तकनीकी खराबी के बाद अचानक निकला धुआं
विश्वविद्यालय चौक से महज दो सौ मीटर पहले ऑटो में अचानक कोई तकनीकी खराबी आ गई। इसके बाद वाहन वहीं बंद हो गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ऑटो से पहले तेज धुआं निकला और फिर अचानक आग की लपटें उठने लगीं। चालक ने बिना देर किए यात्रियों को उतारा।
सड़क किनारे वाहन रोककर सभी यात्रियों को सुरक्षित बाहर निकालते ही आग ने पूरे ऑटो को अपनी चपेट में ले लिया। इस खौफनाक घटना के दौरान मौके पर लोगों की भारी भीड़ जुट गई। इससे पूरे इलाके में कुछ देर के लिए अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
दमकल विभाग ने दस मिनट में पाया काबू
ड्यूटी पर मौजूद यातायात सिपाही ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत फायर ब्रिगेड को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल विभाग की टीम मौके पर पहुंची। टीम ने करीब दस मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद ऑटो में लगी आग पर पूरी तरह काबू पा लिया।
इस हादसे के कारण मुख्य मार्ग पर कुछ देर तक यातायात पूरी तरह प्रभावित रहा। मुख्य अग्निशमन अधिकारी संतोष राय ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सीएनजी सिस्टम में तकनीकी खराबी की आशंका है। पुलिस आग लगने के वास्तविक कारणों की गंभीरता से जांच करा रही है।
Author: Ajay Mishra

