Entertainment News: मशहूर कॉमेडियन समय रैना के सबसे चर्चित और विवादित रियलिटी शो ‘इंडियाज गॉट लेटेन्ट’ (India’s Got Latent Season 2) के दूसरे सीजन का फैंस का इंतजार अब खत्म हो गया है। ओटीटी प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स (Netflix) ने आधिकारिक तौर पर इसके नए सीजन की घोषणा कर दी है।
नेटफ्लिक्स ने पोस्ट शेयर कर दर्शकों से मांगा नींबू-मिर्ची
स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म नेटफ्लिक्स ने सोशल मीडिया पर शो के दूसरे सीजन की पहली झलक शेयर की है। पिछले सीजन में हुए विवादों को ध्यान में रखते हुए नेटफ्लिक्स ने मजाकिया अंदाज में दर्शकों से कमेंट सेक्शन में ‘नींबू-मिर्ची’ का इमोजी पोस्ट करने को कहा है, ताकि शो को किसी की नजर न लगे।
नेटफ्लिक्स के इस मजेदार पोस्ट पर बॉलीवुड के मशहूर रैपर और सिंगर बादशाह भी खुद को कमेंट करने से नहीं रोक पाए। बादशाह ने समय रैना और नेटफ्लिक्स दोनों की टांग खींचते हुए लिखा, ‘अपने लिए एक अच्छा एडिटर ढूंढ़ लेना।’ उनका यह तंज सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है।
सोशल मीडिया पर यूजर्स ने लिए मजे, समय रैना का जवाब
बादशाह के इस कमेंट के बाद सोशल मीडिया यूजर्स भी इस मजाक-मस्ती में कूद पड़े। एक यूजर ने लिखा, “रणवीर अलाहबादिया भाई, तुम्हें सच में समय रैना को नींबू-मिर्ची गिफ्ट करनी चाहिए।” वहीं, समय रैना ने अपनी इंस्टाग्राम स्टोरी पर नींबू-मिर्ची के साथ पोज देते हुए एक मजेदार फोटो शेयर की है।
नेटफ्लिक्स ने अभी तक ‘इंडियाज गॉट लेटेन्ट सीजन 2’ के रिलीज होने की आधिकारिक तारीख (Official Date) का खुलासा नहीं किया है। तारीख को लेकर अभी भी सस्पेंस बरकरार है, लेकिन कयास लगाए जा रहे हैं कि शो बहुत जल्द ही प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम किया जाएगा।
आलिया भट्ट और शर्वरी वाघ के आने की चर्चा हुई तेज
नेटफ्लिक्स ने इस बार भी शो के मेहमानों (Guest List) के नामों को पूरी तरह सीक्रेट रखा है। हालांकि, मीडिया गलियारों में कई बड़े नामों को लेकर अटकलें तेज हैं। आरजे महवश ने पहले ही इस बात की पुष्टि कर दी है कि वह इस शो के नए सीजन का हिस्सा बनने जा रही हैं।
इस बीच, शो के सेट से कुछ तस्वीरें लीक हुई हैं, जिसके बाद यह चर्चा तेज है कि बॉलीवुड एक्ट्रेस आलिया भट्ट और शर्वरी वाघ अपनी आगामी जासूसी फिल्म ‘अल्फा’ के प्रमोशन के लिए शो में आ सकती हैं। हालांकि, मेकर्स की तरफ से इस पर कोई आधिकारिक बयान नहीं आया है।
Author: Manisha Thakur


