Nivadi News: कस्बा निवाड़ी में ईद के अवसर पर वीडियो रिकॉर्ड कर उसमें आपत्तिजनक टिप्पणी करने वाले पांच आरोपितों को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर लिया। आरोपितों की इस करतूत से धार्मिक भावनाएं आहत हुई थीं। कार्रवाई की मांग को लेकर बजरंग दल के पदाधिकारियों ने रविवार को निवाड़ी थाने पर हंगामा भी किया था। पुलिस ने मामले की छानबीन करते हुए सभी आरोपितों को पकड़ लिया। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने इसकी पुष्टि की है।
वीडियो हुआ वायरल, थाने पर पहुंचे लोग
प्रसारित वीडियोमें पांच युवक दिख रहे थे। वीडियो पर मुस्लिम लिखा हुआ था। पीछे किसी फिल्म का डायलॉग भी चल रहा था। यह वीडियो इंटरनेट मीडिया पर प्रसारित हुआ तो बजरंग दल के पदाधिकारी निवाड़ी थाने पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शन कर कार्रवाई की मांग की। आरोप लगाया कि युवकों ने माहौल खराब करने की नीयत से यह करतूत की है। इनपर सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। थाने पर हंगामे के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को आधार बनाकर पुलिस ने आरोपितों की पहचान शुरू की।
पुलिस ने पांच आरोपितों को किया गिरफ्तार
एसीपीमोदीनगर भास्कर वर्मा ने बताया कि निवाड़ी के समीर उर्फ भोलू, मुजाहिद, दानिश, जुनैद और समीर को गिरफ्तार किया गया है। सभी आरोपित स्थानीय निवासी हैं। पुलिस ने इनके खिलाफ धार्मिक भावनाएं आहत करने और माहौल खराब करने का मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद आरोपितों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस का कहना है कि इस मामले में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। प्रशासन ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए क्षेत्र में पुलिस बल तैनात कर दिया है। स्थानीय लोगों ने पुलिस की त्वरित कार्रवाई की सराहना की है। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति नियंत्रण में है और आगे की जांच जारी है।

