दिल्ली के फर्श बाजार में कार हटाने को लेकर खूनी संघर्ष, दलित युवक पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला

Delhi News: देश की राजधानी दिल्ली के फर्श बाजार थाना क्षेत्र से एक बेहद सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां की भीकम सिंह कॉलोनी में महज रास्ते से कार हटाने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। विशेष समुदाय के लोगों ने एक दलित युवक और उसके दोस्तों की बेरहमी से पिटाई कर दी।

भीकम सिंह कॉलोनी में कार हटाने पर हुआ खूनी बवाल

पीड़ित युवक वंश अपने दोस्त के साथ कार से जा रहा था। रास्ते में इमरान और शाहरुख अपने साथियों के साथ खड़े थे। जब वंश ने उन्हें रास्ते से हटने के लिए कहा, तो वे अचानक भड़क गए। आरोपियों ने दोनों को जबरन कार से बाहर खींच लिया और उनके साथ जमकर मारपीट शुरू कर दी।

पीड़ितों का आरोप है कि मारपीट के दौरान आरोपियों ने उनके खिलाफ जातिसूचक शब्दों का भी इस्तेमाल किया। घटना की गंभीरता को देखते हुए वंश ने तुरंत फोन करके अपने चाचा कुलदीप को मदद के लिए मौके पर बुलाया। कुलदीप ने वहां पहुंचकर बीच-बचाव किया और अपने भतीजे को सुरक्षित घर ले आए।

घर के बाहर बुलाकर चाचा पर किया चाकू से हमला

विवाद यहीं शांत नहीं हुआ और कुछ ही देर बाद इमरान अपने परिवार के करीब सात से आठ लोगों के साथ कुलदीप के घर के बाहर पहुंच गया। आरोपियों ने कुलदीप पर चाकू से ताबड़तोड़ कई वार कर दिए। गंभीर रूप से घायल कुलदीप को इलाज के लिए तुरंत डॉक्टर हेडगेवार अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

डॉक्टरों के मुताबिक पीड़ित कुलदीप की छाती और गर्दन पर गहरे जख्म आए हैं, लेकिन फिलहाल उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। पीड़ित परिवार का आरोप है कि हिंदू और दलित समाज से होने के कारण उन पर यह जानलेवा हमला किया गया और उन्हें गंभीर धमकियां दी गईं।

स्थानीय पुलिसकर्मी पर लगा आरोपियों को बचाने का गंभीर आरोप

पीड़ित पक्ष ने फर्श बाजार थाने के एक पुलिसकर्मी पर गंभीर पक्षपात करने के आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि हमले के वक्त वह पुलिसकर्मी वहां मौजूद था, लेकिन उसने बीच-बचाव नहीं किया। शुरुआत में पुलिस ने इस मामले में केस दर्ज करने से भी साफ इनकार कर दिया था।

हालांकि, मामले के तूल पकड़ने के बाद पुलिस ने संबंधित धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने भेदभाव के आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया है। पुलिस का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है और लापरवाही मिलने पर कार्रवाई होगी।

Reported By: Gaurav Malhotra

Join our WhatsApp Channel and Get all Latest News Updates

Hot this week

Related Articles

Popular Categories