Shimla News: अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी ने लंबे इंतजार के बाद अपने संगठन सृजन अभियान के तहत हिमाचल प्रदेश में दो बड़े संगठनात्मक जिला अध्यक्षों की घोषणा कर दी है। पार्टी हाईकमान ने इस बार किन्नौर जिला की कमान निगम भंडारी को सौंपी है, जबकि शिमला ग्रामीण जिला का अध्यक्ष हरिकृष्ण हिमराल को बनाया गया है।
संगठन सृजन अभियान के तहत हाईकमान ने दी मंजूरी
कांग्रेस पार्टी हाईकमान ने संगठन सृजन अभियान के तहत हिमाचल प्रदेश के कुल 11 संगठनात्मक जिलों में नए अध्यक्षों की नियुक्तियां इस साल जनवरी महीने की शुरुआत में ही पूरी कर दी थीं। हालांकि, किन्हीं आंतरिक कारणों की वजह से किन्नौर और शिमला ग्रामीण जिलों में अध्यक्ष पद का फैसला लंबे समय तक लटका हुआ था।
लंबे समय से लंबित चल रहे इस मामले को सुलझाते हुए पार्टी नेतृत्व ने अब दोनों महत्वपूर्ण जिलों में आधिकारिक नियुक्तियों की लिस्ट जारी कर दी है। नए जिला अध्यक्षों की घोषणा के बाद अब राज्य में कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूती मिलेगी और कार्यकर्ताओं में आगामी राजनीतिक कार्यक्रमों के लिए नया जोश देखा जा रहा है।

