हिमाचल के डल्हौजी में फर्जी नंबर प्लेट लगाकर घूम रही दिल्ली की कार जब्त, ई-चालान से खुला बड़ा राज

- Advertisement -

Himachal Pradesh News: पर्यटन नगरी डल्हौजी में पुलिस ने जालसाजी का एक अनोखा मामला पकड़ा है। एक शातिर व्यक्ति अपनी दिल्ली नंबर की कार पर हिमाचल प्रदेश का फर्जी नंबर लगाकर बेखौफ घूम रहा था। इस पूरे खेल का भंडाफोड़ तब हुआ जब असली गाड़ी के मालिक के पास नो-पार्किंग का ई-चालान पहुंचा।

कार नंबर (HP 54A-5872) के असली मालिक ने मोबाइल पर मैसेज मिलते ही तुरंत 112 हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज करवाई। उसने पुलिस को बताया कि उसकी गाड़ी घर पर खड़ी है। इसके बाद डीएसपी डल्हौजी मयंक शर्मा ने मुस्तैदी दिखाते हुए ट्रैफिक पुलिस को उक्त नंबर की कार तलाशने के कड़े आदेश दिए।

- Advertisement -

बस अड्डा डल्हौजी के पास ट्रैफिक पुलिस ने संदिग्ध कार को दबोचा

डीएसपी के निर्देश मिलते ही डल्हौजी बस अड्डे पर तैनात यातायात पुलिस कर्मी विनोद कुमार अलर्ट हो गए। उन्होंने थोड़ी ही देर में उस संदिग्ध कार को पहचान कर रोक लिया। पूछताछ के दौरान चालक निजय कुमार (निवासी लक्कड़मंडी, चम्बा) पुलिस को गाड़ी के कोई भी वैध कागजात नहीं दिखा सका।

पुलिस ने जब वाहन के इंजन और चेसिस नंबर की गहन जांच की, तो बड़ा सच सामने आया। कार पर लगी हिमाचल की नंबर प्लेट पूरी तरह फर्जी थी। इस गाड़ी का असली पंजीकरण नंबर दिल्ली का (DL 5 CH-4569) निकला। आरोपी पुलिस की आंखों में धूल झोंकने के लिए यह हथकंडा अपना रहा था।

फर्जीवाड़ा पकड़े जाने पर डल्हौजी पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ मोटर वाहन अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत भारी-भरकम चालान काटा है। पुलिस ने कार को तुरंत जब्त कर थाना परिसर में खड़ा करवा दिया है। प्रशासन अब इस बात की गहराई से जांच कर रहा है कि इस जालसाजी के पीछे आरोपी का असली मकसद क्या था।

- Advertisement -

बड़ी खबरें

Topics

Related Articles