UP News: उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी जिले में एक रोंगटे खड़े कर देने वाली वारदात सामने आई है। महेवाघाट थाना क्षेत्र के घोघ का पुरवा गांव में एक सनकी पति ने अपनी ही बेटी की आंखों के सामने पत्नी की बेरहमी से गला घोंटकर हत्या कर दी। हत्यारा पति पांच महीने पहले ही जेल से छूटा था।
पुलिस के अनुसार आरोपी शिव भोला निषाद पहले भी एक मर्डर केस में उम्रकैद की सजा काट चुका है। वह हाल ही में हाईकोर्ट से जमानत मिलने पर जेल से वापस घर आया था। सोमवार देर रात उसने इस खौफनाक वारदात को अंजाम दिया। घटना के बाद से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई है।
पति की जमानत के लिए पत्नी ने लिया था भारी कर्ज
मृतका माया देवी ने अपने पति शिव भोला को जेल से छुड़ाने के लिए कई लोगों से भारी कर्ज लिया था। शिव भोला ने साल 2015 में अपने साले अजय कुमार की हत्या कर दी थी। इस मामले में अदालत ने उसे आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी। पत्नी ने पैसे जुटाकर उसकी जमानत कराई थी।
जमानत पर घर आने के बाद से ही दोनों के बीच पैसों को लेकर अक्सर झगड़ा होता था। कर्जदार लगातार अपने पैसे वापस मांग रहे थे। इसी बात को लेकर शिव भोला अपनी पत्नी माया देवी से आए दिन मारपीट करता था। सोमवार की शाम को भी उनके बीच इसी बात पर विवाद हुआ था।
मासूम बेटी की आंखों के सामने मां को उतारा मौत के घाट
उनकी बेटी पूजा ने पुलिस को बताया कि सोमवार शाम करीब सात बजे उसका पिता शराब पीकर घर आया था। कर्ज चुकाने की बात पर उसका मां से झगड़ा हुआ। इसके बाद पूजा पहली मंजिल पर सोने चली गई। रात करीब दो बजे दोबारा दोनों के बीच मारपीट की आवाजें आने लगीं।
जब पूजा नीचे आई तो उसने देखा कि पिता उसकी मां को बेरहमी से पीट रहे थे। देखते ही देखते शिव भोला ने कपड़े से माया देवी का गला घोंट दिया। यह भयानक मंजर देखकर बेटी मौके पर ही बेहोश हो गई। सुबह होश में आने पर उसने शोर मचाकर पड़ोसियों को बुलाया।
फरार हत्यारे आरोपी की तलाश में पुलिस ने बनाई तीन टीमें
ग्राम प्रधान कौशिल्या देवी ने मंगलवार सुबह सात बजे पुलिस को घटना की सूचना दी। सूचना मिलते ही एसपी सत्यनारायण प्रजापत, सीओ क्राइम शिवांक सिंह और फॉरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर तुरंत पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया है।
पुलिस ने आरोपी के चचेरे भाई राम दयाल की तहरीर पर हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया है। एसपी ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला घरेलू विवाद में हत्या का है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए तीन विशेष टीमों का गठन किया गया है। पुलिस जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लेगी।
Author: Raj Thakur


