Mumbai News: भारतीय शेयर बाजार में मंगलवार को शानदार तेजी देखी गई। आईटी कंपनियों के शेयरों में भारी लिवाली से बाजार मजबूत होकर बंद हुआ। कारोबार के अंत में सेंसेक्स 382 अंक चढ़कर 74,649 के पार पहुंच गया। वहीं निफ्टी भी 100 अंकों की बढ़त के साथ 23,483 के स्तर पर बंद हुआ।
आज की इस बड़ी तेजी की मुख्य कमान आईटी सेक्टर के हाथों में रही। निफ्टी आईटी इंडेक्स 4.23 प्रतिशत की जोरदार बढ़त के साथ सबसे आगे रहा। इसके अलावा कंज्यूमर ड्यूरेबल्स, एफएमसीजी, ऑटो और डिफेंस सेक्टर के शेयरों में भी निवेशकों ने जमकर खरीदारी की, जिससे बाजार को पूरा सपोर्ट मिला।
इन दिग्गज शेयरों में रही सबसे ज्यादा हलचल
सेंसेक्स के बड़े शेयरों में टीसीएस, इन्फोसिस और एचसीएल टेक टॉप गेनर्स रहे। इनके अलावा टेक महिंद्रा, टाइटन और अदाणी पोर्ट्स के शेयरों में भी अच्छा मुनाफा देखा गया। दूसरी तरफ एनटीपीसी, एक्सिस बैंक, पावर ग्रिड और बजाज फाइनेंस के शेयरों में गिरावट आई और ये टॉप लूजर्स बने।
बाजार में केवल बड़े शेयरों ही नहीं, बल्कि छोटे और मझोले शेयरों में भी रौनक रही। निफ्टी मिडकैप 100 इंडेक्स 0.19 प्रतिशत की मजबूती के साथ बंद हुआ। इसके साथ ही निफ्टी स्मॉलकैप 100 इंडेक्स भी 0.40 प्रतिशत की बढ़त लेकर 18,052 के स्तर पर बंद होने में कामयाब रहा।
एनवीडिया के बॉस के बयान से बदला माहौल
बाजार के जानकारों के मुताबिक इस शानदार तेजी के पीछे एनवीडिया के संस्थापक जेन्सेन हुआंग का एक बड़ा बयान है। ताइपे में हुए इवेंट में हुआंग ने कहा कि एआई के आने से सॉफ्टवेयर कंपनियां बंद नहीं होंगी। बल्कि इन कंपनियों को भविष्य में अपनी नियुक्तियों को और ज्यादा बढ़ाना पड़ेगा।
जेन्सेन हुआंग के इस भरोसेमंद बयान ने बाजार से उस डर को पूरी तरह खत्म कर दिया, जिसमें कहा जा रहा था कि एआई तकनीक इंसानी नौकरियों को खा जाएगी। इस बयान से निवेशकों का हौसला बढ़ा और उन्होंने आईटी सेक्टर की कंपनियों के शेयरों में ताबड़तोड़ पैसे लगाए।
जानिए बाजार की चाल पर क्या कहते हैं एक्सपर्ट्स
बाजार विशेषज्ञों का कहना है कि शुरुआत में गिरावट देखने के बाद बाजार ने अच्छी वापसी की है। लार्ज-कैप शेयरों में लगातार हो रही खरीदारी यह दिखाती है कि निवेशक मौजूदा कीमतों से संतुष्ट हैं। वैश्विक स्तर पर जारी तनाव के बावजूद भारतीय बाजार के सेंटिमेंट काफी मजबूत दिखाई दे रहे हैं।
अब निवेशकों की नजरें पूरी तरह देश के आर्थिक आंकड़ों और मॉनसून की चाल पर टिकी हैं। मॉनसून इस हफ्ते दक्षिण भारत के राज्यों में दस्तक दे सकता है। हालांकि इस साल कम बारिश का अनुमान है, लेकिन देश के जलाशयों में पानी का स्तर बेहतर होना राहत की बात है।
Author: Rajesh Kumar


