सात सांसदों की बगावत के ठीक बाद BJP का केजरीवाल पर ‘शीशमहल-2’ वाला तीखा हमला, परवेश वर्मा बोले- ‘शानदार आदमी पार्टी’ रख दो नाम; AAP बोली- सब फर्जी

Delhi News: राघव चड्ढा समेत सात राज्यसभा सांसदों की बगावत के ठीक एक दिन बाद BJP ने अरविंद केजरीवाल पर बड़ा हमला बोला है। लोधी एस्टेट में केजरीवाल को आवंटित नए सरकारी बंगले को शनिवार को भाजपा ने ‘शीशमहल-2’ करार दे दिया। परवेश वर्मा ने आरोप लगाया कि इस आलीशान आवास में ऊंची सुविधाओं के लिए निजी पैसा लगाया गया है। आप नेता आतिशी ने सभी तस्वीरों को फर्जी बताकर पलटवार किया।

‘शानदार आदमी पार्टी’ रखना होगा नाम

दिल्ली के लोक निर्माण मंत्री परवेश वर्मा ने भाजपा मुख्यालय में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कहा कि अब आम आदमी पार्टी को ‘शानदार आदमी पार्टी’ कहा जाना चाहिए। उन्होंने तीखा सवाल किया कि क्या केजरीवाल बताएंगे कि इस नए ‘शीश महल’ में कितना पैसा लगाया गया, वह पैसा कहां से आया और आखिर यह किसका पैसा है।

बार-बार ‘शीश महल’ बनाने की क्या जरूरत

मंत्री ने आगे आरोप लगाया कि आप के ईमानदार कार्यकर्ता केजरीवाल के लालच की वजह से पार्टी छोड़ने पर मजबूर हो रहे हैं। उन्होंने पूछा कि बार-बार ऐसे ‘शीश महल’ बनाने की जरूरत ही क्या है और इस बार किस कंपनी ने अपना पैसा झोंका है। वर्मा ने यह भी दावा किया कि केजरीवाल को ऐशो-आराम की लत लग चुकी है।

दिल्ली से निकले तो पंजाब किया कब्जा

परवेश वर्मा ने पुराने विवादों की याद दिलाते हुए कहा कि जब दिल्ली के जागरूक मतदाताओं ने केजरीवाल को ‘शीश महल’ से बाहर निकलने पर मजबूर किया तो वे पंजाब भाग गए। वहां उन्होंने एक बंगले पर जबरन कब्जा कर लिया और अब दिल्ली लौटकर लोधी एस्टेट में ‘शीश महल 2’ तैयार कर लिया है। यह सिलसिला लगातार जारी है।

पांच बेडरूम और चार ड्राइंग रूम का दावा

प्रवेश वर्मा ने दावा किया कि अरविंद केजरीवाल का नया सरकारी आवास 95, लोधी एस्टेट में है। इस बंगले में पांच बेडरूम और चार ड्राइंग रूम हैं। उन्होंने कहा कि इसमें लुटियंस दिल्ली के किसी भी अन्य बंगले, यहां तक कि अन्य राजनीतिक दलों के शीर्ष नेताओं के आवासों से भी बेहतरीन और अत्याधुनिक सुख-सुविधाएं मौजूद हैं।

केंद्रीय विभाग नहीं करता इतना खर्च

केंद्र सरकार ने आप संयोजक के नाते केजरीवाल को यह टाइप VII बंगला आवंटित किया है। बंगले की तस्वीरें मीडिया को दिखाते हुए वर्मा ने कहा कि केंद्रीय लोक निर्माण विभाग सरकारी बंगलों के रखरखाव पर इतनी भारी रकम खर्च नहीं करता। उन्होंने आरोप लगाया कि यहां लग्जरी फर्नीचर और सुविधाएं जुटाने में पूरी तरह से निजी धन का इस्तेमाल हुआ है।

आतिशी बोलीं- जनता करेगी आलीशान घर का फैसला

दिल्ली की पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने फौरन पलटवार करते हुए सभी तस्वीरों को फर्जी करार दिया। उन्होंने चुनौती दी कि यह जानने के लिए कि असल में किसका घर ज्यादा आलीशान है, मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और उपराज्यपाल साहब को अपने-अपने घर खोलने चाहिए। इसके बाद केजरीवाल भी अपना घर खोल देंगे और जनता खुद फैसला कर लेगी कि सच क्या है।

Hot this week

Related News

Popular Categories