मां की मामूली डांट पर 12 साल के मासूम ने उठाया आत्मघाती कदम, बेल्ट से गला कसकर दे दी जान

- Advertisement -

Uttar Pradesh News: कौशाम्बी के करारी थाना क्षेत्र में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहाँ माँ की मामूली डांट से नाराज होकर 12 साल के एक मासूम बच्चे ने बेल्ट से अपना गला कसकर आत्महत्या कर ली। इस खौफनाक कदम के बाद पूरे परिवार में कोहराम मच गया है।

यह दुखद घटना लहना गांव की है, जहां रहने वाले गणेश लोधी खेती-किसानी करते हैं। शनिवार को उनका बेटा अंकित कुमार खेतों की तरफ बकरियां चराने गया था। वहां किसी बात को लेकर उसका अपने साथियों के साथ विवाद हो गया, जिसकी शिकायत उसकी मां अनीता तक पहुंच गई।

- Advertisement -

दोस्तों से झगड़े के बाद मां ने लगाई थी फटकार

अंकित के घर लौटने पर मां अनीता ने बच्चों के बीच हुए विवाद को शांत कराने के लिए उसे डांट-फटकार लगा दी। मां की यह बात मासूम के बालमन को इतनी बुरी तरह चुभ गई कि उसने कमरे में जाकर अपनी पैंट की बेल्ट से ही अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली।

डांटने के बाद मां घर के दूसरे कामों में व्यस्त हो गई थी। काफी देर तक जब अंकित दिखाई नहीं दिया, तो मां उसे ढूंढते हुए कमरे में गई। वहां का नजारा देखकर महिला के होश उड़ गए। अंकित कमरे के फर्श पर अचेत अवस्था में पड़ा हुआ था।

अस्पताल ले जाते समय रास्ते में तोड़ा दम

महिला की चीख-पुकार सुनकर परिजन और आसपास के पड़ोसी तुरंत मौके पर जमा हो गए। उस समय बच्चे की सांसें चल रही थीं, जिसके बाद परिजन उसे आनन-फानन में इलाज के लिए नजदीकी मेडिकल कॉलेज लेकर भागे। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

इस दुखद हादसे से पूरे गांव के लोग हैरान हैं। ग्रामीणों का कहना है कि अगर अंकित को मां की डांट बुरी लगी थी, तो वह घर के किसी बड़े सदस्य से इसकी शिकायत कर सकता था। मासूम के इस गुस्से ने पूरे हंसते-खेलते परिवार को जिंदगी भर का गहरा दर्द दे दिया।

पुलिस को पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। शुरुआती जांच में पुलिस भी इसे मां की फटकार से आहत होकर उठाया गया कदम मान रही है। परिजनों ने अभी किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, घटना में इस्तेमाल की गई बेल्ट को जब्त कर लिया गया है। परिजनों की तरफ से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के सही कारणों का पता चलेगा और उसी आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई होगी।

Author: Ajay Mishra

- Advertisement -

बड़ी खबरें

Topics

Related Articles