Maharashtra News: खुद को ईश्वर का स्वरूप बताने वाले ढोंगी ज्योतिषी अशोक कुमार एकनाथ खरात के काले कारनामों ने मानवता को शर्मसार कर दिया है। पुलिस हिरासत में मौजूद खरात के खिलाफ जांच जैसे-जैसे आगे बढ़ रही है, रूह कंपा देने वाले खुलासे हो रहे हैं। पहले यह आंकड़ा 58 पीड़ित महिलाओं का था, लेकिन अब जांच में यह संख्या 100 के पार पहुंच गई है। अध्यात्म और पूजा की आड़ में महिलाओं का यौन शोषण करने वाले इस पाखंडी ने एक गर्भवती महिला तक को अपनी हवस का शिकार बनाया है।
अशोक खरात के पास अपनी समस्याएं लेकर आने वाले दंपत्तियों को वह बड़ी चालाकी से अपने जाल में फंसाता था। वह पति-पत्नी को डराता था कि महिला के शरीर में ‘नकारात्मक ऊर्जा’ का वास है। पूजा के दौरान इस ऊर्जा के बाहर निकलने का डर दिखाकर वह पतियों को कमरे से बाहर भेज देता था। जैसे ही पति बाहर जाता, वह पूजा के बहाने महिलाओं के साथ अश्लील हरकतें शुरू कर देता था।
प्रसाद में नशीली दवा और हवस का खेल
आरोपी खरात महिलाओं को प्रसाद के नाम पर वायग्रा जैसी उत्तेजक दवाएं खिलाता था। दवा के असर से जब महिलाएं सुध-बुध खोने लगती थीं, तब वह अपने चैंबर में ही उनका बलात्कार करता था। उसके रसूख और राजनेताओं से संबंधों के कारण महिलाएं चुप्पी साधे रही थीं। लेकिन उसके ही एक पूर्व कर्मचारी ने हिम्मत दिखाई और चैंबर में खुफिया कैमरा लगाकर इस दरिंदगी को रिकॉर्ड कर लिया।
इस पूरे मामले में सबसे हृदयविदारक घटना एक गर्भवती महिला के साथ हुई है। यह जोड़ा सालों के इंतजार के बाद माता-पिता बनने वाला था और बच्चे की सुरक्षा के लिए बाबा का आशीर्वाद लेने आया था। खरात ने यहां भी वही पैंतरेबाजी की और पति को बाहर निकालकर गर्भवती महिला के साथ दुष्कर्म किया। उसने महिला को डराया कि सुरक्षित डिलीवरी के लिए यह ‘विशेष पूजा’ अनिवार्य है।
खुफिया कैमरे ने खोला ढोंग का कच्चा चिट्ठा
अशोक खरात के दफ्तर में 2019 से 2024 तक काम करने वाले कर्मचारी ने ये सबूत जुटाए हैं। जब उसने महिलाओं को रोते हुए बाहर निकलते देखा, तो उसे शक हुआ। उसने अपनी जान जोखिम में डालकर खरात के प्राइवेट चैंबर में गुप्त कैमरा लगाया। कर्मचारी का दावा है कि खरात के संबंध बेहद रसूखदार लोगों से हैं, इसलिए उसने ठोस सबूत के तौर पर 100 से ज्यादा वीडियो पुलिस को सौंपे हैं।
2024 में जब कर्मचारी ने खरात की करतूतों का विरोध किया, तो उसे नौकरी से निकालकर जान से मारने की धमकी दी गई। अब पुलिस को मिले वीडियो सबूतों के आधार पर एक पीड़िता ने आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई है। पीड़िता का आरोप है कि 2020 में पूजा के नाम पर उसके साथ पहली बार गलत काम हुआ और फिर 2026 तक उसे लगातार ब्लैकमेल कर उसका शोषण किया गया।

