दिल्ली में रूह कंपा देने वाला हादसा! मालवीय नगर के होटल में लगी भीषण आग, 21 लोगों की दर्दनाक मौत

- Advertisement -

Delhi News: दक्षिण दिल्ली के मालवीय नगर स्थित फ्लरिश स्टे बीएंडबी होटल में बुधवार सुबह एक बेहद खौफनाक हादसा हो गया। बेसमेंट में संचालित एक रेस्तरां से शुरू हुई भीषण आग ने कुछ ही मिनटों में पूरी इमारत को अपनी चपेट में ले लिया। इस दर्दनाक हादसे में कम से कम 21 लोगों की मौत हो गई है।

इस भयानक अग्निकांड में 20 से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। हादसे के बाद दिल्ली फायर सर्विस, पुलिस और डीडीएमए की टीमों ने मिलकर बड़े पैमाने पर रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया। दमकल विभाग को सुबह करीब 8:50 बजे इस घटना की जानकारी मिली थी, जिसके बाद टीमें रवाना हुईं।

- Advertisement -

धमाके के साथ बेसमेंट से शुरू हुई तबाही

शुरुआत में सात दमकल गाड़ियों को मौके पर भेजा गया था, लेकिन आग की भयावहता को देखते हुए अतिरिक्त गाड़ियां बुलानी पड़ीं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बेसमेंट में स्थित रेस्तरां का इलेक्ट्रिक चूल्हा चालू करते ही एक जोरदार धमाका हुआ। इसके बाद देखते ही देखते आग पूरी इमारत में फैल गई।

अधिकारियों ने बताया कि इस पांच मंजिला इमारत में ऊपर-नीचे जाने के लिए केवल एक ही सीढ़ी और एक लिफ्ट मौजूद थी। आग लगते ही पूरी सीढ़ी घने धुएं से भर गई। इस वजह से होटल की ऊपरी मंजिलों के कमरों में ठहरे हुए लोगों को बाहर निकलने का कोई रास्ता नहीं मिला।

‘चिमनी’ बनी इमारत, खिड़कियों से कूदे लोग

दमकल अधिकारियों के मुताबिक, होटल की अधिकांश खिड़कियां पूरी तरह से सील थीं और वेंटिलेशन की कोई सही व्यवस्था नहीं थी। इस खराब बनावट के कारण पूरी इमारत एक चिमनी की तरह काम करने लगी, जिससे जहरीला धुआं और भयंकर गर्मी बहुत तेजी से ऊपरी मंजिलों तक पहुंच गई।

जान बचाने के लिए ऊपरी मंजिलों पर फंसे लोगों ने खिड़कियों से नीचे छलांग लगानी शुरू कर दी। स्थानीय निवासी वसीम राज ने बताया कि लोगों को बचाने के लिए पास की दुकान से गद्दे लाकर सड़क पर बिछाए गए थे। स्थानीय लोगों की इस तत्परता से कई लोगों की जान बच सकी।

मृतकों में कई विदेशी नागरिक भी शामिल

घने धुएं और भीषण गर्मी के बीच दमकल कर्मियों ने अपनी जान जोखिम में डालकर बेसमेंट से आठ लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला। पुलिस के अनुसार, इस हादसे में जान गंवाने वालों में कई विदेशी नागरिक भी शामिल हैं, जो पश्चिम एशियाई और अफ्रीकी देशों से आकर यहां ठहरे हुए थे।

सभी घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई लोगों की हालत नाजुक बनी हुई है। डॉक्टरों के मुताबिक, अधिकांश पीड़ित धुएं के कारण दम घुटने, गंभीर रूप से जलने और ऊंचाई से गिरने की वजह से लगी चोटों के कारण जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे हैं।

शॉर्ट सर्किट की आशंका, मेयर ने दिए जांच के आदेश

हादसे की शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट को आग लगने की मुख्य वजह माना जा रहा है। पुलिस और फॉरेंसिक टीमें सभी पहलुओं की बारीकी से जांच कर रही हैं। इसके साथ ही होटल की अनुमति, फायर एनओसी और तय सुरक्षा मानकों के अनुपालन की भी नए सिरे से समीक्षा की जा रही है।

इस दुखद घटना पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और दिल्ली सरकार ने गहरा शोक व्यक्त किया है। दिल्ली के महापौर प्रवेश वाही ने इस पूरे मामले की उच्चस्तरीय जांच के सख्त आदेश दिए हैं। उन्होंने निगमायुक्त को पत्र लिखकर तीन दिन के भीतर विस्तृत रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है।

Gaurav Malhotra

- Advertisement -

बड़ी खबरें

Topics

Related Articles