Entertainment News: फिल्म इंडस्ट्री में वीकेंड का समय बॉक्स ऑफिस कलेक्शन के लिए सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण माना जाता है। इस बार 12 जून को सिनेमाघरों में एक साथ चार बड़ी फिल्में रिलीज हुईं। इनमें हॉन्टेड 3D, भारत भाग्य विधाता, गवर्नर और मैं वापस आऊंगा शामिल हैं।
इन चारों फिल्मों के बीच थिएटर्स में जबरदस्त टक्कर देखने को मिल रही है। शुरुआती दो दिनों के जो आंकड़े सामने आए हैं, वे काफी चौंकाने वाले हैं। बड़े सितारों से सजी फिल्मों के मुकाबले एक सुपरनैचुरल हॉरर फिल्म ने बाजी मारते हुए सबसे ज्यादा कमाई की है।
जानिए कंगना रनौत और दिलजीत दोसांझ की फिल्मों का हाल
कंगना रनौत स्टारर फिल्म ‘भारत भाग्य विधाता’ ने बॉक्स ऑफिस पर बेहद धीमी शुरुआत की है। फिल्म ने पहले दिन 1 करोड़ रुपये कमाए और दूसरे दिन 1.45 करोड़ रुपये का कलेक्शन किया। दो दिनों में फिल्म का टोटल नेट कलेक्शन 2.45 करोड़ रुपये हो गया है।

दूसरी तरफ दिलजीत दोसांझ और शरवरी वाघ की ‘मैं वापस आऊंगा’ को दर्शकों का थोड़ा बेहतर रिस्पॉन्स मिला है। इस फिल्म ने पहले दिन 1.15 करोड़ रुपये और दूसरे दिन शानदार उछाल के साथ 1.85 करोड़ रुपये कमाए। इसका कुल इंडिया नेट कलेक्शन 3 करोड़ रुपये पहुंच गया है।

मनोज बाजपेयी की ‘गवर्नर’ पिछड़ी, ‘हॉन्टेड 3D’ ने किया कमाल
मनोज बाजपेयी स्टारर फाइनेंशियल थ्रिलर फिल्म ‘गवर्नर’ की शुरुआत सबसे कमजोर रही। फिल्म ने पहले दिन महज 90 लाख रुपये का बिजनेस किया। हालांकि, दूसरे दिन फिल्म ने थोड़ी रफ्तार पकड़ी और 1.15 करोड़ रुपये कमाए, जिससे इसका कुल कलेक्शन 2.05 करोड़ रुपये हो गया।

विक्रम भट्ट के निर्देशन में बनी हॉरर फिल्म ‘हॉन्टेड 3D’ ने बॉक्स ऑफिस पर सबको हैरान कर दिया है। इस फिल्म ने पहले दिन 2.50 करोड़ रुपये और दूसरे दिन 3.25 करोड़ रुपये की बंपर कमाई की। दो दिनों में 5.75 करोड़ रुपये कमाकर यह फिल्म सबसे आगे चल रही है।

Author: Manisha Thakur

