Prayagraj News: फिल्म इंडस्ट्री में निवेश कर बड़ा मुनाफा कमाने का झांसा देकर एक समाजसेवी से एक करोड़ 48 लाख रुपये की बड़ी ठगी का मामला सामने आया है। ठगों ने पीड़ित से पैसे ऐंठने के बाद, रकम वापस मांगने पर उन्हें फर्जी मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी। इस मानसिक प्रताड़ना से परेशान होकर भुक्तभोगी ने अतरसुइया थाने में नामजद मुकदमा दर्ज कराया है।
सोनभद्र के रहने वाले समाजसेवी विष्णु कुमार तिवारी की तहरीर पर पुलिस ने कई बड़े शहरों के फिल्म डायरेक्टरों और स्थानीय लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया है। आरोपियों में मुंबई की सुमन टॉकीज के डायरेक्टर प्रदीप नागर, बिहार के सरवरा स्टूडियो के डायरेक्टर पवन कुमार श्रीवास्तव और कोलकाता की चिल्कोथा फिल्म्स के डायरेक्टर सुदीप्तो राव शामिल हैं।
इसके अलावा पुलिस ने अतरसुइया निवासी मोहम्मद एतिशाम उर्फ राजू, उसकी मां खुर्शीदा, रजिया तरन्नुम, आमरीन शेख, रुआब शेख, मोहम्मद आसिफ और मुंसीर आलम के खिलाफ भी संगीन धाराओं में मामला दर्ज किया है। पीड़ित ने बताया कि साल 2018 में एक परिचित के जरिए उनकी मुलाकात मुख्य आरोपी राजू से हुई थी।
फिल्मी सितारों के फर्जी चैट दिखाकर जीता भरोसा
आरोपी राजू ने समाजसेवी के सामने दावा किया था कि उसके पास कई नामी फिल्मी कंपनियां हैं। उसने विष्णु कुमार को बॉलीवुड में स्थापित करने का लालच दिया। भरोसा जीतने के लिए उसने कई वीडियो और बड़े अभिनेता-अभिनेत्रियों के साथ हुई कथित चैट भी दिखाई। उसने कहा कि फिल्मों में पैसा लगाने पर बहुत बड़ा मुनाफा मिलेगा।
ठगों ने पीड़ित को अलग-अलग शहरों में बुलाकर फिल्म इंडस्ट्री से जुड़े कुछ लोगों से मुलाकात भी कराई थी। इस झांसे में आकर पीड़ित ने साल 2018 से 2022 के बीच आरोपी प्रदीप नागर, पवन श्रीवास्तव और सुदीप्ता समेत अन्य आरोपियों के बैंक खातों में कुल 1.48 करोड़ रुपये ट्रांसफर कर दिए।
कुछ महीने पहले जब पीड़ित अपने पैसे वापस मांगने मुख्य आरोपी राजू के घर पहुंचा, तो वहां मौजूद उसकी मां और अन्य परिजनों ने उनके साथ बदसलूकी की। आरोपियों ने पैसा लौटाने के बजाय पीड़ित को ही फर्जी मुकदमे में फंसाकर जेल भिजवाने की खुली धमकी दी। थानाध्यक्ष ने बताया कि केस दर्ज कर मामले की गहराई से जांच शुरू कर दी गई है।
Author: Ajay Mishra

