Himachal News: हिमाचल प्रदेश के मंडी जिला से इंसानियत को सलाम करने वाली एक बेहद भावुक खबर सामने आई है। यहां न्यू लाइफ लाइन संस्था के संस्थापक और अध्यक्ष डॉ आनंद कागरा ने एक नवजात बच्चे की जान बचाने के लिए मंडी के जोनल हॉस्पिटल में अपने जीवन का 15वां रक्तदान किया।
मंडी के गुटकर स्थित मंडव हॉस्पिटल में भर्ती एक महज 8 दिन के नवजात शिशु को अचानक खून की सख्त जरूरत पड़ गई। बच्चे की नाजुक हालत को देखते हुए परिजनों ने मदद की गुहार लगाई। इसके बाद संस्था के ऑफिशियल व्हाट्सएप ग्रुप और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर तुरंत एक संदेश भेजा गया।
काफी कोशिशों के बाद भी जब नहीं मिला कोई ब्लड डोनर
अस्पताल में मासूम बच्चे की जिंदगी बचाने के लिए सोशल मीडिया ग्रुप पर संदेश तो फ्लैश हो गया, लेकिन काफी कोशिशों के बाद भी तुरंत कोई ब्लड डोनर या रक्तवीर नहीं मिल पाया। समय तेजी से बीत रहा था और बच्चे की हालत लगातार नाजुक होती जा रही थी।
जब कोई भी विकल्प नहीं बचा तो समाज सेवा की मिसाल पेश करते हुए संस्था के चेयरमैन डॉ आनंद कागरा खुद आगे आए। वे बिना एक पल गंवाए तुरंत मंडी के जोनल हॉस्पिटल के ब्लड बैंक पहुंचे। वहां उन्होंने बिना किसी देरी के तुरंत मासूम के लिए रक्तदान कर उसकी सांसें बचाईं।
पिछले दस सालों से खून की कमी पूरी कर रही संस्था
सफल रक्तदान के बाद डॉ आनंद कागरा ने बताया कि यह उनके पूरे जीवन का 15वां रक्तदान था। वे नियमित अंतराल पर खुद भी ब्लड डोनेट करते रहते हैं। उन्होंने समाज के अन्य युवाओं से भी अपील की कि वे इस नेक कार्य के लिए आगे आएं और लोगों की जिंदगी बचाएं।
आपको बता दें कि डॉ आनंद कागरा की न्यू लाइफ लाइन संस्था पिछले 10 सालों से राज्य में खून की कमी को पूरा करने के लिए निरंतर काम कर रही है। वर्तमान में इस एक्टिव सोशल ऑर्गेनाइजेशन के साथ लगभग दो हजार से अधिक समर्पित मेंबर्स और वॉलिंटियर्स जुड़े हुए हैं।
Reported By: Sunita Gupta


