Maharashtra News: महाराष्ट्र के परभणी जिले से शनिवार को एक बेहद दुखद और बड़ा हादसा सामने आया है। यहां मानवत तहसील स्थित प्रसिद्ध यशवाड़ी मारुति (हनुमान) मंदिर में बना सभा मंडप अचानक भरभराकर गिर गया। इस भीषण हादसे में कम से कम 5 लोगों की मौत हो गई है।
यह दर्दनाक हादसा शनिवार दोपहर करीब 3:30 बजे हुआ, जिसके बाद मौके पर चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल पैदा हो गया। दुर्घटना की जानकारी मिलते ही जिला प्रशासन और स्थानीय पुलिस की टीमें तुरंत राहत और बचाव कार्य के लिए घटना स्थल पर पहुंच गईं।
बचाव कार्य जारी, मलबे से निकाले गए 25 लोग
एक वरिष्ठ पुलिस अधिकारी ने बताया कि यह दुर्घटना मानवत रोड पर स्थित यशवाड़ी गांव में हुई। यह इलाका छत्रपति संभाजीनगर से लगभग 190 किलोमीटर दूर है। शनिवार को मंदिर में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ मौजूद थी, तभी अचानक बाहरी हॉल यानी ‘सभा-मंडप’ की छत का स्लैब गिर गया।
पुलिस और प्रशासन की टीमें मलबे में फंसे लोगों को सुरक्षित बाहर निकालने के प्रयास में जुटी हुई हैं। राहत कार्य के दौरान अब तक मलबे के नीचे से लगभग 25 लोगों को बाहर निकाला जा चुका है। घायलों को तुरंत इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
कई और लोगों के दबे होने की आशंका
हादसे के समय मंदिर परिसर में बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, इसलिए मलबे के नीचे अभी भी कई और लोगों के दबे होने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस अधिकारी के मुताबिक, मलबे को पूरी तरह हटाने के बाद ही घायलों और हताहतों की सही संख्या स्पष्ट हो पाएगी।
स्थानीय लोग भी प्रशासन के साथ मिलकर बचाव कार्य में हाथ बंटा रहे हैं। मलबे को हटाने के लिए क्रेन और अन्य जरूरी मशीनों की मदद ली जा रही है। इस अचानक हुए हादसे से पूरे परभणी जिले और यशवाड़ी गांव में शोक की लहर दौड़ गई है।
Author: Sachin Kulkarni



