दिल्ली में भीषण गर्मी के बीच रनवे पर एयर इंडिया की फ्लाइट में बंद हुआ AC, यात्री हुए बीमार, दो बार गेट बदलने से पहले ही थे नाराज, फिर उड़ान हुई रद्द

Delhi News: दिल्ली से इंदौर जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट संख्या AI-2515 में तकनीकी खराबी उस वक्त आफत बन गई जब विमान रनवे पर खड़ा था। एसी बंद होने और बाहर चल रही भीषण लू के चलते केबिन में फंसे यात्री बुरी तरह बेहाल हो गए। कई यात्रियों की तबीयत बिगड़ गई और स्थिति अराजक हो गई। बाद में इस फ्लाइट को पूरी तरह रद्द करना पड़ा।

तकनीकी खराबी ने बिगाड़ा पूरा खेल

दोपहर 12:10 बजे रोजाना दिल्ली से इंदौर के लिए उड़ान भरने वाले इस विमान में आज टेकऑफ से ठीक पहले तकनीकी गड़बड़ी का पता चला। नियमानुसार विमान को रनवे से वापस टर्मिनल की ओर लाया जाने लगा। इसी दौरान देरी बढ़ती गई और यात्री घंटों तक बिना एसी के गर्म केबिन में फंसे रहे। बाद में एयरलाइन ने पूरी फ्लाइट रद्द करने का एलान कर दिया।

बोर्डिंग से पहले ही झेलनी पड़ी परेशानी

इंदौर जाने वाले यात्रियों का सब्र सुबह से ही परीक्षा दे रहा था। दिल्ली एयरपोर्ट पर बोर्डिंग से पहले दो बार गेट बदले गए। अचानक हुए इस बदलाव से टर्मिनल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। बच्चों और बुजुर्गों समेत सभी यात्री अपना सामान उठाकर एक गेट से दूसरे गेट तक भागते रहे। इस मशक्कत के बाद जब जहाज में बैठे तो तकनीकी खराबी ने सबको तोड़कर रख दिया।

एसी बंद होने से केबिन बना आग का गोला

जब विमान तकनीकी जांच के लिए रनवे पर खड़ा था तभी उसका एसी सिस्टम बंद हो गया। बाहर पारा 44 डिग्री के पार था और बंद केबिन में गर्मी से सांस लेना दूभर हो गया। कई यात्रियों को चक्कर आने लगे और कुछ की हालत इतनी बिगड़ गई कि उन्हें तुरंत पानी और चिकित्सकीय सहायता की जरूरत पड़ी। इस दौरान केबिन क्रू भी स्थिति को संभालने में नाकाम दिखा। यह फ्लाइट रोज दोपहर करीब 1:45 बजे इंदौर पहुंचती है लेकिन आज यात्रियों का बुरा दिन साबित हुआ।

Hot this week

Related News

Popular Categories