हिमाचल के कांगड़ा में भीषण सड़क हादसा, दिल्ली से लौटे युवक की ट्रक की टक्कर से दर्दनाक मौत

Kangra News: हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसा सामने आया है। यहां जसूर के पास मठोली में एक अनियंत्रित ट्रक और स्कूटी के बीच भीषण टक्कर हो गई। इस दुर्घटना में स्कूटी सवार युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। अस्पताल में इलाज के दौरान उसने दम तोड़ दिया।

- Advertisement -

चार महीने पहले हुई थी शादी, विदेश जाने की थी तैयारी

मृतक की पहचान राजा का तालाब क्षेत्र की डक पंचायत के रहने वाले बंटी चौहान (29) के रूप में हुई है। वह अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। बंटी की शादी महज चार महीने पहले ही हुई थी। वह होटल मैनेजमेंट की पढ़ाई पूरी करने के बाद दिल्ली में नौकरी कर रहा था।

बंटी मंगलवार सुबह ही दिल्ली से अपने गांव वापस लौटा था। पारिवारिक सूत्रों के मुताबिक वह जल्द ही नौकरी के सिलसिले में विदेश जाने वाला था। इसी काम के लिए वह मंगलवार शाम को जरूरी सरकारी दस्तावेजों को तैयार करवाने स्कूटी से जसूर की तरफ जा रहा था, तभी यह हादसा हुआ।

मठोली के पास ट्रक ने मारी टक्कर, क्षेत्र में शोक

मठोली के समीप एक तेज रफ्तार ट्रक ने उसकी स्कूटी को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भयानक थी कि बंटी सड़क पर दूर जा गिरा और गंभीर रूप से जख्मी हो गया। स्थानीय लोगों ने उसे तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों के तमाम प्रयासों के बाद भी उसे बचाया नहीं जा सका।

- Advertisement -

बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद गमगीन माहौल में बंटी का अंतिम संस्कार कर दिया गया। इस घटना से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है। नूरपुर के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धर्मचंद वर्मा ने मामले की पुष्टि की है। पुलिस ने केस दर्ज कर दुर्घटना के कारणों की जांच शुरू कर दी है।

- Advertisement -

बड़ी खबरें

Topics

Related Articles