Ahmedabad News: पुलिस ने चौंतीस साल पुराने एक खौफनाक कत्ल की गुत्थी सुलझा ली है। इस वारदात का पर्दाफाश एक भूतिया डर के कारण हुआ है। मुंबई की फरजाना साल 1992 में प्रेमी से मिलने आई थी। यहां उसकी बेरहमी से हत्या कर दी गई थी। इतने सालों तक इस जुर्म का किसी को पता नहीं चला। अब अचानक प्रेमी के परिवार को कथित तौर पर भूत दिखने लगा। इसी डर ने पुलिस को सच्चाई तक पहुंचा दिया है।
क्राइम ब्रांच को मिला महिला का कंकाल
अहमदाबाद क्राइम ब्रांच ने मामले की जांच करते हुए कुतुबनगर इलाके में खुदाई की है। इस दौरान पुलिस को एक महिला के कंकाल के कुछ हिस्से बरामद हुए हैं। पुलिस अधिकारियों का मानना है कि यह अवशेष फरजाना उर्फ शबनम के ही हैं। तीन दशक पहले फरजाना रहस्यमयी हालात में लापता हो गई थी। तब पुलिस ने केवल गुमशुदगी रिपोर्ट दर्ज की थी। हत्या के एंगल से कोई जांच नहीं हुई थी।
प्रेमी ने कुएं में छिपा दी थी लाश
पुलिस जांच में आपसी विवाद को कत्ल की मुख्य वजह माना गया है। फरजाना के आने से प्रेमी समशुद्दीन के घर में भारी तनाव पैदा हो गया था। इसी कलह के चलते फरजाना को मौत के घाट उतार दिया गया। समशुद्दीन ने शव को अपने घर के भीतर बने कुएं में दबा दिया था। इस वजह से अपराध कई सालों तक दुनिया से छिपा रहा। अब आरोपी की मौत हो चुकी है।
जादू-टोने के चक्कर में खुला राज
समशुद्दीन के परिवार को घर में फरजाना का भूत दिखने लगा था। उन्हें घर में प्रेत आत्मा होने का अहसास होने लगा। इस कारण पूरा परिवार भारी मानसिक तनाव और खौफ में जीने लगा। भूत के डर से परिजनों ने जादू-टोना करने वाले तांत्रिकों से संपर्क किया। इसी घबराहट में परिवार ने तांत्रिक के सामने हत्या और लाश छिपाने की बात कबूल कर ली। यह जानकारी पुलिस के कानों तक पहुंच गई।
जांच तेज, पुलिस कर रही है पूछताछ
इस मामले में पुलिस अधिकारी अजित रजियान ने अहम जानकारी दी है। पुलिस ने शमशुद्दीन के भाई रिजवान और अन्य संदिग्ध आरोपियों को हिरासत में ले लिया है। इन सभी लोगों से फिलहाल गहन पूछताछ की जा रही है। पुलिस घटना के गवाह रिश्तेदारों से भी सवाल कर रही है। कंकाल के बरामद अवशेषों को फॉरेंसिक लैब में जांच के लिए भेज दिया गया है। डीएनए सैंपल मैच होने पर मुकद्मा दर्ज होगा।


