7.4 C
Shimla
Thursday, March 23, 2023

प्रेमी संग छोटी बहन का बेरहमी से किया कत्ल, शादी के लिए रखी थी शर्त कि उसे कत्ल करना होगा

Madhya Pradesh News: जबलपुर में शादी के लिए अनोखी शर्त में हत्या करने का मामला सामने आया है। बड़ी बहन ने प्रेमी के सामने छोटी बहन का कत्ल करने पर शादी करने की शर्त रखी। मां को नींद की गोली देकर सुला दिया और प्रेमी के साथ मिलकर छोटी बहन का बेहरमी से कत्ल कर दिया। पुलिस ने जांच के बाद आरोपी प्रेमी युगल को गिरफ्तार कर लिया है।

नरसिंहपुर पुलिस अधीक्षक अभिजीत रंजन के अनुसार सांईखेड़ा निवासी 21 वर्षीय शिखा अवस्थी को उपचार के लिए 22 फरवरी को अस्पताल लाया गया था। किशोरी के शरीर में चोट के निशान थे। पूछताछ करने पर उसकी मां बबली तथा बड़ी बहन खुशबू उर्फ दिशा अवस्थी ने बताया कि चोट बाथरूम में गिरने के कारण आई थी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी मृत्यु का कारण अत्याधिक चोट बताया गया था। गिरने के कारण युवती के शरीर में चोट आना प्रतीत नहीं हो रहा था। पुलिस ने मर्ग कायम कर प्रकरण को विवेचना में लिया था।

मोबाइल से खुला राज
विवेचना के दौरान युवती की बड़ी बहन ने उसके पास मोबाइल होने की जानकारी पुलिस से छुपाई थी। घर की तलाशी लेने के दौरान उसके पास अलग-अलग कंपनी के चार मोबाइल मिले थे। जिसमें से कुछ मोबाइल उसने घटना दिनांक के बाद बंद कर दिए थे। शक पुख्ता होने पर पुलिस ने बड़ी बहन को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की तो उसने प्रेमी के साथ मिलकर छोटी बहन की हत्या करना स्वीकार कर लिया। उसने बताया कि मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से उसकी दोस्ती एक साल पहले अमेठी निवासी राहुल सिंह से हुई थी। दोनों के बीच प्रेम संबंध स्थापित हो गए और वे शादी करना चाहते थे। छोटी बहन को यह पसंद नहीं था और वह शादी में अड़ंगा लगा रही थी। उसने प्रेमी के सामने शादी करने के लिए छोटी बहन के कत्ल की शर्त रखी थी।

योजना बनाकर की हत्या
योजना बनाकर उसका प्रेमी 22 फरवरी को अमेठी से सांईखेड़ा आया था। उसने अपनी मां को नींद की गोली देकर सुला दिया था। इसके बाद प्रेमी को घर में बुलाया और दोनों ने छोटी बहन के साथ मारपीट की। छोटी बहन के सिर पर पत्थर से हमला कर उसे बेहोश कर दिया था। इसके बाद बाथरूम में ले जाकर उसके सिर पर सीमेंट की टंकी के टक्कर से प्रहार किया। बेहोशी की हालत में ही उसका चाकू से गला रेत दिया था। घटना को अंजाम देने के बाद उसका प्रेमी चला गया था। उसने अपनी मां को छोटी बहन के बाथरूम में गिरने की कहानी बताई और दोनों उसे लेकर अस्पताल पहुंचे थे। उसने बताया कि छोटी बहन उसके बचपन से परेशान करती थी और पैसे खर्च करवाती थी। इसके अलावा समाज में उसे नीचा दिखाने की कोशिश करती थी। पुलिस ने आरोपी बड़ी बहन व उसके प्रेमी को गिरफ्तार कर लिया है।

Latest news
Related news