Tehran News: मध्य पूर्व का एक और देश सुलग उठा है। World News में आज ईरान की चर्चा सबसे ऊपर है। वहां महंगाई और गिरती अर्थव्यवस्था के खिलाफ गुस्सा अब हिंसक हो गया है। गुरुवार को पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच खूनी झड़पें हुईं। रिपोर्ट्स के मुताबिक, इसमें कई लोगों की मौत हो गई है। हालात इतने खराब हैं कि कई शहरों में भारी सुरक्षा बल तैनात करना पड़ा है।
सड़कों पर हिंसा और फायरिंग
पश्चिमी ईरान का लोरडेगन शहर जंग का मैदान बन गया है। मानवाधिकार संगठन ‘हेंगा’ ने बड़ा दावा किया है। उनके मुताबिक, सुरक्षा बलों ने प्रदर्शनकारियों पर गोलियां चलाई हैं। इसमें कई लोगों की जान चली गई और कई घायल हुए हैं। दूसरी तरफ, रिवोल्यूशनरी गार्ड्स ने भी नुकसान की बात कही है। पश्चिमी शहर कुहदश्त में उनके बसीज अर्धसैनिक बल का एक जवान मारा गया है। इस झड़प में 13 अन्य जवान घायल भी हुए हैं।
कई शहरों में फैली आग
विरोध की आग अब सिर्फ एक शहर तक सीमित नहीं है। World News पर नजर रखने वाले एक्सपर्ट्स के मुताबिक, यह प्रदर्शन पूरे देश में फैल चुका है। इस्फहान, मार्वदश्त और केरमानशाह जैसे बड़े शहरों में लोग सड़कों पर हैं। खुजेस्तान और हामेदान प्रांतों में भी सरकार के खिलाफ नारेबाजी हो रही है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया है। सुरक्षा के लिहाज से चप्पे-चप्पे पर पहरा बैठा दिया गया है।
महंगाई ने तोड़ी जनता की कमर
ईरान में यह गुस्सा अचानक नहीं भड़का है। इसके पीछे गिरती हुई मुद्रा ‘रियाल’ और आसमान छूती महंगाई है। पश्चिमी देशों के प्रतिबंधों ने ईरान की अर्थव्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। वहां महंगाई दर 40 प्रतिशत से ज्यादा हो गई है। लोगों के लिए दो वक्त की रोटी का जुगाड़ करना मुश्किल हो रहा है। इसी हताशा ने अब व्यापक जन-आंदोलन का रूप ले लिया है।
सरकार ने की बातचीत की पेशकश
हालात को हाथ से निकलता देख सरकार ने नरमी दिखाई है। सरकारी प्रवक्ता फातेमेह मोहाजेरानी ने बयान जारी किया है। उन्होंने कहा कि सरकार व्यापारियों और ट्रेड यूनियनों से बात करेगी। हालांकि, बातचीत कैसे होगी, इसका प्लान नहीं बताया गया है। इससे पहले सरकार ने ‘ठंड’ का बहाना बनाकर कई इलाकों में छुट्टी घोषित कर दी थी। इसके कारण बाजार और यूनिवर्सिटी बंद रहे।

