Himachal News: मनाली के बालसारी गांव की एक विवाहित महिला की संदिग्ध मौत को लेकर स्थानीय लोगों और महिला संगठनों का गुस्सा फूट पड़ा है। मंगलवार को बड़ी संख्या में घाटी की महिलाओं ने मनाली की सड़कों पर विरोध रैली निकाली और मनाली पुलिस स्टेशन का घेराव किया। प्रदर्शनकारियों ने मनाली पुलिस के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और यहां तक कि मनाली एसएचओ मुर्दाबाद के नारे भी लगाए।
यह विरोध प्रदर्शन विवाहिता कल्पना की मौत से जुड़ा है, जिसका शव 3 दिसंबर को घर में फंदे से लटका मिला था। मायके पक्ष के आरोपों के आधार पर पुलिस ने इस संबंध में केस दर्ज कर पति को गिरफ्तार कर लिया है, लेकिन परिजन अन्य ससुराल वालों की गिरफ्तारी की मांग पर अड़े हुए हैं। फिलहाल, पुलिस और ग्रामीणों के बीच बातचीत जारी है।
मनाली में महिला की मौत के बाद क्यों भड़का गुस्सा?
यह पूरा मामला मनाली के बालसारी गांव से संबंधित है, जहां 3 दिसंबर को कल्पना नामक महिला का शव घर की तीसरी मंजिल पर फंदे से लटकता हुआ पाया गया था। कल्पना का मायका गोजरा गांव में है। मृतका के परिजनों ने पुलिस को शिकायत दी थी कि उनकी बेटी को ससुराल वाले लगातार प्रताड़ित कर रहे थे। कल्पना की शादी वर्ष 2021 में बलसारी गांव के रवि ठाकुर से हुई थी। उनके दो छोटे बच्चे, एक बेटा और एक बेटी हैं।
पति और ससुराल वालों पर प्रताड़ना का आरोप
परिजनों के अनुसार, कल्पना और रवि के बीच शादी के तुरंत बाद ही विवाद शुरू हो गया था। उन्होंने आरोप लगाया है कि पति और ससुराल वाले कल्पना के साथ मारपीट करते थे और उसके बैंक खाते से पैसे भी निकाल लिए थे। विवाद इतना बढ़ गया था कि कल्पना कुछ समय के लिए अपने मायके भी आ गई थी। हालांकि, बाद में समझा-बुझाकर उसे वापस ससुराल भेज दिया गया था।
पुलिस कार्रवाई के बावजूद प्रदर्शन जारी
कल्पना की मौत के बाद परिजनों ने उसकी सास, दो ननदों और पति को इस घटना के लिए जिम्मेदार ठहराया है। पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल कार्रवाई की और कल्पना के पति रवि ठाकुर को गिरफ्तार कर लिया था। हालांकि, प्रदर्शनकारी महिलाएं और परिजन अब कल्पना की सास और ननदों समेत अन्य आरोपियों की भी तत्काल गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं। मंगलवार को जब पुलिस काफी देर तक प्रदर्शनकारी महिला शक्ति से वार्ता करने के लिए नहीं आई, तो उनका गुस्सा और भड़क गया, जिसके बाद उन्होंने पुलिस स्टेशन के बाहर जमकर नारेबाजी की। इस मामले को लेकर मनाली में तनाव की स्थिति बनी हुई है।
