New Delhi News: कांग्रेस के स्थापना दिवस समारोह के दौरान राहुल गांधी और वरिष्ठ नेता दिग्विजय सिंह के बीच एक दिलचस्प वाकया देखने को मिला। राहुल गांधी ने दिग्विजय सिंह से हाथ मिलाते हुए मजाक में कहा, “आपने कल बदतमीजी की!” यह सुनते ही वहां मौजूद कांग्रेस नेता हंस पड़े। इस दौरान सोनिया गांधी भी वहां मौजूद थीं। यह पूरा मामला दिग्विजय सिंह द्वारा आरएसएस और भाजपा के सांगठनिक ढांचे की तारीफ करने से जुड़ा है।
चाय पर चर्चा और हंसी-मजाक
स्थापना दिवस के कार्यक्रम के बाद पार्टी मुख्यालय में नेताओं के लिए चाय और नाश्ते का इंतजाम था। इसी दौरान राहुल गांधी और दिग्विजय सिंह आमने-सामने आए। सूत्रों के मुताबिक, राहुल ने हाथ मिलाते हुए यह व्यंग्यात्मक टिप्पणी की। दरअसल, दिग्विजय सिंह ने हाल ही में कांग्रेस को आरएसएस-भाजपा के रिश्तों से सीखने की सलाह दी थी। राहुल का इशारा इसी बयान की ओर था।
दिग्विजय सिंह ने क्या पोस्ट किया था?
दिग्विजय सिंह ने सोशल मीडिया पर पीएम नरेंद्र मोदी और लाल कृष्ण आडवाणी की एक पुरानी तस्वीर साझा की थी। उन्होंने लिखा था कि कैसे एक साधारण कार्यकर्ता देश का प्रधानमंत्री बन गया। उन्होंने इसे संगठन की ताकत बताया था। दिग्विजय ने लिखा, “मुझे यह तस्वीर मिली, यह बहुत प्रभावशाली है। यही संगठन की ताकत है।” हालांकि, बाद में कांग्रेस नेता ने सफाई दी कि वह विचारधारा के विरोधी हैं, उन्होंने सिर्फ संगठन की कार्यशैली की तारीफ की थी।
पवन खेड़ा ने दी थी नसीहत
दिग्विजय सिंह के इस बयान पर कांग्रेस नेता पवन खेड़ा ने कड़ी प्रतिक्रिया दी थी। खेड़ा ने कहा कि गांधी के संगठन को गोडसे के संगठन से सीखने की कोई जरूरत नहीं है। इस बयान ने पार्टी के भीतर की वैचारिक बहस को हवा दे दी थी। फिलहाल, राहुल गांधी की इस चुटकी ने माहौल को हल्का कर दिया है।
