Mumbai News: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन अपनी फिल्मों के साथ-साथ सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर भी चर्चा में रहते हैं। बिग बी एक्स (X) पर अक्सर अपने मन की बात साझा करते हैं। हाल ही में भगवान के दर्शन करने पहुंचे एक्टर ने एक ऐसी पोस्ट शेयर की, जिसने इंटरनेट पर सनसनी मचा दी है। अमिताभ बच्चन ने गुस्से में एक ट्वीट किया है, जिसे देखकर फैंस कन्फ्यूज हो गए हैं। इस पोस्ट के बाद से ही यूजर्स लगातार उनसे नाराजगी की वजह पूछ रहे हैं।
आखिर किस पर भड़के बिग बी?
अमिताभ बच्चन ने करीब 8 घंटे पहले एक्स (X) पर एक रहस्यमयी पोस्ट शेयर की। उन्होंने लिखा- “T 5661(i) – CHUUUUUPPPP !!!!”। इसके साथ उन्होंने गुस्से वाला इमोजी भी लगाया है। इस ट्वीट ने उनके फैंस को चिंता में डाल दिया है। लोग कमेंट सेक्शन में पूछ रहे हैं कि आखिर उन्हें इतना गुस्सा क्यों आ रहा है। कुछ यूजर्स ने तो मजे लेते हुए इसे उनकी पत्नी जया बच्चन से भी जोड़ दिया है। यह पहली बार नहीं है जब बिग बी ने बिना किसी संदर्भ के ऐसा कुछ लिखा हो। इससे पहले दिसंबर 2024 में भी उन्होंने ‘चुप’ लिखकर फैंस को हैरान कर दिया था।
मंदिर दर्शन के तुरंत बाद बदला मूड
हैरानी की बात यह है कि इस गुस्से वाली पोस्ट से कुछ समय पहले ही अमिताभ काफी शांत मूड में थे। उन्होंने मंदिर दर्शन की अपनी तस्वीरें साझा की थीं। एक तस्वीर में वे हाथ जोड़े खड़े थे और गले में माला पहनी हुई थी। उन्होंने “जय हरि विठ्ठल” लिखकर अपनी श्रद्धा व्यक्त की थी। लेकिन अचानक उनके मूड में आए इस बदलाव ने सबको चौंका दिया है। बिना किसी जानकारी के किए गए इस पोस्ट की वजह से अब सोशल मीडिया पर उन्हें ट्रोलिंग का सामना भी करना पड़ रहा है।
83 की उम्र में भी कायम है जलवा
अमिताभ बच्चन 83 साल की उम्र में भी इंडस्ट्री में सबसे ज्यादा एक्टिव एक्टर्स में से एक हैं। वे लगातार काम कर रहे हैं और ‘कौन बनेगा करोड़पति’ जैसे लोकप्रिय शो को होस्ट कर रहे हैं। हाल ही में उन्हें फिल्म ‘कल्कि 2898 एडी’ में अहम भूमिका में देखा गया था। उम्मीद जताई जा रही है कि वे इसके दूसरे पार्ट में भी नजर आएंगे। प्रोफेशनल लाइफ में व्यस्त रहने के बावजूद वे डिजिटल प्लेटफॉर्म के जरिए अपने प्रशंसकों से जुड़े रहते हैं, हालांकि उनके कुछ पोस्ट कभी-कभी रहस्य बन जाते हैं।

