New Delhi News: नए साल 2026 की शुरुआत के साथ इंटरनेट पर एक अजीब और दिलचस्प हलचल मची हुई है। लोग भविष्य की योजनाएं बनाने के बजाय अतीत में झांक रहे हैं। इंस्टाग्राम से लेकर ट्विटर तक, हर जगह ‘2026 is the new 2016’ ट्रेंड छाया हुआ है। आम यूज़र्स ही नहीं, बल्कि करीना कपूर और आलिया भट्ट जैसे बड़े सितारे भी अपनी 10 साल पुरानी तस्वीरें शेयर कर रहे हैं। इस ट्रेंड ने लोगों को यादों के उस गलियारे में ला खड़ा किया है, जब सोशल मीडिया इतना बनावटी नहीं था।
क्या है यह ‘2026 is the new 2016’ ट्रेंड?
यह ट्रेंड असल में एक ‘नॉस्टैल्जिया ट्रिप’ है। 2026 शुरू होते ही लोग ठीक एक दशक पीछे यानी 2016 को याद कर रहे हैं। लोग अपनी 10 साल पुरानी धुंधली तस्वीरें और अजीब हेयरस्टाइल वाली फोटो पोस्ट कर रहे हैं। यह वही दौर था जब स्नैपचैट के ‘डॉग फिल्टर’ और ‘फ्लावर क्राउन’ का राज था। इंस्टाग्राम ने भी अपने ऑफिशियल पेज पर उस समय के मशहूर लोगो और इमोजी शेयर करके इस आग में घी डालने का काम किया है।
करीना से लेकर आलिया तक सब हुए शामिल
बॉलीवुड भी इस यादों की बारात में पीछे नहीं है। करीना कपूर खान, आलिया भट्ट, दिया मिर्जा और अनन्या पांडे जैसी अभिनेत्रियों ने अपनी 2016 की तस्वीरें शेयर की हैं। इन तस्वीरों पर फैंस खूब प्यार लुटा रहे हैं। कमेंट बॉक्स में लोग उस दौर की सादगी और मस्ती को याद कर रहे हैं। यह ट्रेंड मशहूर हस्तियों को उनके फैंस के और करीब ला रहा है।
लोग पुराने दिनों को क्यों कर रहे मिस?
आज का सोशल मीडिया पूरी तरह ‘परफेक्ट’ दिखने की होड़ में लगा है। हर फोटो में सही लाइटिंग और गहरा कैप्शन चाहिए होता है। लेकिन 2016 में ऐसा कोई दबाव नहीं था। तब लोग बिना झिझक के मस्ती भरी और ‘अनसीरियस’ फोटो डालते थे। लोग उसी बेफिक्री को वापस पाना चाहते हैं। इसके अलावा 2016 भारतीयों के लिए पॉप कल्चर का गोल्डन टाइम था। उस समय डबस्मैश वीडियो और स्नैपचैट का अलग ही क्रेज था।
ये यादें हो रही हैं फिर से ताजा
इस वायरल ट्रेंड ने कई भूली-बिसरी यादों को फिर से जिंदा कर दिया है।
- मैनक्वीन चैलेंज: वह दौर जब लोग वीडियो में पुतले की तरह स्थिर हो जाते थे।
- पीपीएपी (PPAP): ‘पेन-पाइनएप्पल-एप्पल-पेन’ वाला वह गाना जिसे सुनकर आज भी हंसी आती है।
- नेटफ्लिक्स की एंट्री: साल 2016 में ही भारत में नेटफ्लिक्स आया था, जिसने मनोरंजन की दुनिया बदल दी थी।

