New Delhi News: उत्तर भारत में ठंड का प्रकोप जानलेवा होता जा रहा है। दिल्ली-एनसीआर समेत पूरे उत्तर भारत में बर्फीली हवाओं ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। मौसम विभाग ने दिल्ली, हरियाणा और राजस्थान में भीषण ठंड की चेतावनी जारी की है। वहीं, देश के दक्षिणी और पश्चिमी हिस्सों में मौसम सुहावना बना हुआ है। मुंबई और बेंगलुरु जैसे शहरों में तापमान सामान्य रहने की उम्मीद है। हालांकि, उत्तर भारत में कोहरे और शीतलहर का डबल अटैक अभी जारी रहेगा।
गुरुग्राम में जम गई गाड़ियों पर बर्फ
राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र (NCR) के बाहरी इलाकों में ठंड ने सारे रिकॉर्ड तोड़ दिए हैं। गुरुग्राम में हरियाणा का सबसे कम तापमान 0.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। यहां के ग्रामीण इलाकों में खेतों और वाहनों पर पाला जम गया है। कड़ाके की ठंड का आलम यह था कि घरों के बाहर खड़ी गाड़ियों के विंडशील्ड पर बर्फ की परत दिखाई दी। मानेसर के खेतों में भी फसलों पर बर्फ की सफेद चादर देखी गई है।
दिल्ली में ऑरेंज अलर्ट, 3 डिग्री पहुंचा पारा
राजधानी दिल्ली में सोमवार का दिन इस सीजन का सबसे ठंडा दिन रहा। यहां न्यूनतम तापमान लुढ़ककर 3 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। मौसम विभाग के अनुसार, जनवरी 2023 के बाद यह सबसे सर्द दिन था। आईएमडी ने मंगलवार के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ और बुधवार के लिए ‘येलो अलर्ट’ जारी किया है। अगले दो दिनों तक दिल्लीवासियों को शीतलहर से राहत मिलने की कोई उम्मीद नहीं है।
राजस्थान में माइनस में पहुंचा तापमान
राजस्थान में सर्दी का सितम चरम पर है। यहां कई शहरों में तापमान जमाव बिंदु से नीचे चला गया है। सीकर के फतेहपुर में बीती रात न्यूनतम तापमान माइनस 0.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। पूरे प्रदेश में शीतलहर चल रही है और पश्चिमी राजस्थान में घना कोहरा छाया हुआ है। मौसम विभाग ने राज्य में अभी और कड़ाके की ठंड पड़ने की संभावना जताई है।
मुंबई और दक्षिण भारत में राहत
उत्तर भारत की ठिठुरन के विपरीत, मुंबई और दक्षिण भारत में मौसम सामान्य है। मुंबई में मंगलवार को न्यूनतम तापमान 20 डिग्री और अधिकतम 33 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। कोलकाता में पारा 12 से 24 डिग्री के बीच रह सकता है। वहीं, बेंगलुरु में तापमान 17 से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रहने के आसार हैं। इन शहरों में फिलहाल सर्दी का कोई खास असर नहीं है।
