Himachal News: हिमाचल प्रदेश में मौसम का मिजाज लगातार शुष्क बना हुआ है। कड़ाके की ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। प्रदेश के 8 शहरों में तापमान 5 डिग्री सेल्सियस से नीचे लुढ़क गया है। लाहौल-स्पीति के कुकुमसेरी में सबसे ज्यादा ठंड है, जहां पारा माइनस 5.6 डिग्री दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने आज भी प्रदेश भर में आसमान साफ रहने का अनुमान लगाया है। हालांकि, मैदानी इलाकों में सुबह के समय कोहरा छाया रहा।
इन शहरों में जमा देने वाली ठंड
पहाड़ों पर मौसम ठंडा होने से ठिठुरन बढ़ गई है। जनजातीय क्षेत्रों में तापमान शून्य से नीचे चला गया है। ताबो में न्यूनतम तापमान माइनस 4.4 डिग्री और कल्पा में माइनस 0.6 डिग्री सेल्सियस रहा। पर्यटक स्थल मनाली में पारा 1.1 डिग्री तक गिर गया। इसके अलावा भुंतर में 1.5, रेकोंगपिओ में 2.1 और बजौरा में 1.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। राजधानी शिमला में न्यूनतम तापमान 8.6 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से थोड़ा अधिक है।
कल पहाड़ों पर गिर सकती है बर्फ
भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, 8 दिसंबर को मौसम करवट ले सकता है। चंबा, किन्नौर और कुल्लू के ऊपरी इलाकों में हल्की बारिश या बर्फबारी की संभावना है। ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फ गिरने से ठंड और बढ़ सकती है। हालांकि, निचले और मध्यम पर्वतीय क्षेत्रों में बारिश के आसार नहीं हैं। विभाग ने 9 से 12 दिसंबर तक फिर से मौसम साफ रहने की भविष्यवाणी की है।
दिन में धूप से मिल रही राहत
दिन के समय धूप खिलने से तापमान सामान्य बना हुआ है। कांगड़ा प्रदेश का सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 26 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। शिमला में दिन का पारा 15 डिग्री रहा। वहीं, ऊना और हमीरपुर में तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ। धर्मशाला में 23 और मंडी में 20.2 डिग्री तापमान रहा। अगले कुछ दिनों तक मौसम मुख्य रूप से शुष्क ही रहने वाला है।
