Bengaluru News: आईटी सिटी बेंगलुरु में रविवार को इस साल का सबसे ठंडा दिन रहा। शहर में कड़ाके की ठंड ने लोगों को ठिठुरने पर मजबूर कर दिया। पूरे दिन रुक-रुक कर बूंदाबांदी होती रही। अधिकतम तापमान गिरकर 20.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। बदले हुए मौसम और घने बादलों ने शहर को पूरी तरह ढक लिया है।
सोमवार को भी बारिश के आसार
मौसम विभाग ने सोमवार को भी शहर में हल्की बूंदाबांदी की आशंका जताई है। तापमान 19 डिग्री से 26 डिग्री सेल्सियस के बीच रह सकता है। हवा में नमी 78 फीसदी तक रहेगी। ठंडी हवाएं 18 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलेंगी। चक्रवात के असर के कारण मंगलवार तक शहर में ऐसे ही हालात बने रहेंगे।
सोशल मीडिया पर ठंड की चर्चा
बेंगलुरु की अचानक बढ़ी ठंड ने सोशल मीडिया पर भी हलचल मचा दी है। लोग शहर की तुलना उत्तर भारत की भीषण सर्दी से कर रहे हैं। हालांकि, शहर की हवा अभी भी सांस लेने लायक है। वायु गुणवत्ता सूचकांक (AQI) 30 से 90 के बीच दर्ज किया गया है। मंगलवार के बाद आसमान साफ होने और राहत मिलने की उम्मीद है।
उत्तरी कर्नाटक में भी बढ़ा सर्दी का सितम
बेंगलुरु के साथ-साथ उत्तरी कर्नाटक में भी मौसम का मिजाज बदला है। विजयपुरा और धारवाड़ में न्यूनतम तापमान 12.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उत्तरी आंतरिक कर्नाटक में हवाएं 30-40 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चल रही हैं। वहीं, दक्षिण आंतरिक कर्नाटक में हल्की बारिश हो सकती है। तटीय इलाकों में फिलहाल बारिश की कोई संभावना नहीं है।
