Delhi News: उत्तर भारत में गर्मी से बेहाल लोगों को कुदरत ने बड़ी राहत दी है। दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में झमाझम बारिश और तेज हवाओं ने दस्तक दी है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने राजधानी में हल्की बारिश और गरज के साथ बौछारें पड़ने का अनुमान जताया है। रविवार सुबह से ही दिल्ली के कई इलाकों जैसे मयूर विहार और आनंद विहार में धूल भरी आंधी और बूंदाबांदी शुरू हो गई। मौसम विभाग ने अगले कुछ दिनों के लिए उत्तर प्रदेश, पंजाब और हरियाणा में भी ओले गिरने का येलो अलर्ट जारी किया है।
दिल्ली में अगले तीन दिन सुहावना रहेगा मौसम
राजधानी दिल्ली में हवा की गति 50 किमी प्रति घंटा तक पहुंच गई है। रविवार को अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है। सोमवार और मंगलवार को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे। 18 मार्च यानी बुधवार को दिल्ली के कुछ हिस्सों में फिर से गरज के साथ बारिश हो सकती है। इस दौरान न्यूनतम तापमान 15 से 18 डिग्री के बीच बना रहेगा। इससे लोगों को चिलचिलाती धूप से काफी राहत मिलेगी।
यूपी, राजस्थान और एमपी में बारिश का येलो अलर्ट
मौसम विभाग ने उत्तर प्रदेश और राजस्थान के लिए 15 और 16 मार्च को येलो अलर्ट जारी किया है। इन राज्यों में गरज-चमक के साथ ओले गिरने की पूरी संभावना है। मध्य प्रदेश में भी 18 मार्च के बाद मौसम पलटी मारेगा। यहां 19 और 20 मार्च को कई जिलों में बारिश का अलर्ट है। बिहार में भी अगले हफ्ते आंधी-तूफान के साथ बौछारें पड़ने के आसार हैं। पंजाब और हरियाणा में भी 19 मार्च तक ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है।
पहाड़ों से लेकर झारखंड तक दिखेगा असर
पहाड़ी राज्यों जम्मू-कश्मीर, हिमाचल और उत्तराखंड में 15-16 मार्च को भारी ओलावृष्टि हो सकती है। हालांकि 17 मार्च से पहाड़ों पर मौसम साफ होने की उम्मीद है। झारखंड में भी अगले चार दिनों तक बादल बरसेंगे। पलामू और चतरा जैसे कुछ जिलों को छोड़कर पूरे राज्य में रविवार को बारिश की संभावना है। सरायकेला में पारा 40 डिग्री के करीब पहुंच गया था, लेकिन अब वहां भी तापमान में 3 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है।

