Patna News: बिहार के बाहुबली विधायक अनंत सिंह एक बार फिर सुर्खियों में हैं। मोकामा सीट से विधायक अनंत सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। इस वीडियो में वह पुलिस कस्टडी के दौरान अस्पताल परिसर में बेखौफ होकर सिगरेट पीते नजर आ रहे हैं। हत्या के मामले में पटना की बेऊर जेल में बंद विधायक इलाज के लिए अस्पताल पहुंचे थे। इस वीडियो के सामने आने के बाद विपक्षी दल आरजेडी ने नीतीश सरकार की कानून व्यवस्था पर कड़े सवाल उठाए हैं।
पुलिस के सामने ‘सुशासन’ का धुआं
अनंत सिंह जनता दल यूनाइटेड (JDU) के विधायक बताए जा रहे हैं और फिलहाल बेऊर जेल में बंद हैं। पिछले दो दिनों से उनका वीडियो इंटरनेट पर छाया हुआ है। वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि वह पुलिस सुरक्षा घेरे में हैं। उनके आसपास समर्थक भी मौजूद हैं। इसी भीड़ के बीच अनंत सिंह सिगरेट का कश लगाते हुए आते हैं और लिफ्ट में चले जाते हैं। दावा किया जा रहा है कि यह वीडियो पटना के इंदिरा गांधी आयुर्विज्ञान संस्थान (IGIMS) का है। हालांकि, अभी इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।
‘नायक नहीं खलनायक है तू…’
इस वीडियो के वायरल होते ही बिहार की राजनीति गरमा गई है। राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने इसे मुद्दा बनाते हुए सरकार पर हमला बोला है। आरजेडी प्रवक्ता प्रियंका भारती ने अपने ‘एक्स’ (ट्विटर) हैंडल पर यह वीडियो शेयर किया। उन्होंने तंज कसते हुए लिखा, “नायक नहीं खलनायक है तू… सुशासन को धुएं में उड़ाता हुआ अनंत सिंह! नीतीश जी का दुलारा खलनायक अस्पताल में सिगरेट पीते हुए रीलबाजी कर रहा है।”
जेल की सलाखों के पीछे से मिली जीत
अनंत सिंह का विवादों से पुराना नाता रहा है। विधानसभा चुनाव के दौरान भी वह काफी चर्चा में रहे थे। उन पर दुलारचंद यादव की हत्या का गंभीर आरोप है। इसी मामले में वह जेल में बंद हैं। हैरान करने वाली बात यह है कि उन्होंने जेल के अंदर से ही विधानसभा का चुनाव लड़ा था। वहां रहते हुए उन्होंने अपने प्रतिद्वंद्वी को 28 हजार से अधिक वोटों से हराया था। वह अक्सर स्वास्थ्य जांच के लिए अस्पताल आते रहते हैं, लेकिन इस बार सिगरेट कांड ने उन्हें फिर विवादों में ला दिया है।

