हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला के उपमंडल ठियोग के मतियाना क्षेत्र में सोमवार दोपहर बाद एक कार हादसे की शिकार हो गई है। इस हादसे में 2 लोगों की मौत हुई है वहीं दो अन्य गंभीर रूप से घायल हुए हैं। मृतकों में एक महिला बताई जा रही है घायलों को उपचार के लिए सिविल अस्पताल ठियोग में भर्ती करवाया गया है। मिली जानकारी के मुताबिक यह दुर्घटना केलवी जदूण सड़क मार्ग पर पेश आई है। जहां पर नेरा नामक स्थान पर कार गहरी खाई में गिरी हुई है।
बताया जा रहा है कि एच पी 09 सी 74 29 में सवार होकर चार लोग घर की ओर जा रहे थे। इसी दौरान नेरा नामक स्थान पर पहुंचे तो चालक ने कार से नियंत्रण खो दिया और कार करीब 200 फीट गहरी खाई में गिर गई। घटना के बाद दो लोगों की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मृतकों की पहचान 22 वर्षीय हैप्पी निवासी सोई और 60 वर्षीय गौरी देवी के रूप में हुई है। पुलिस को घटना की सूचना मिलते ही मौके पर पहुंच गई और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत खाई से बाहर निकालकर उपचार के लिए ठियोग अस्पताल पहुंचाया। जहां पर उन्हें उपचार दिया जा रहा है। वहीं मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम के बाद परिजनों को सौंप दिया है।