Sports News: भारतीय क्रिकेट टीम के युवा बल्लेबाज ईशान किशन ने टी20 विश्व कप 2026 में शानदार प्रदर्शन कर भारत को तीसरी बार चैंपियन बनाने में अहम भूमिका निभाई। अब भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव ने खुलासा किया है कि कैसे एक फोन कॉल ने ईशान की जिंदगी बदल दी और उन्हें वापसी का मौका मिला।
दो साल बाद वापसी, सूर्या का भरोसा
सूर्यकुमार यादव नेआईसीसी से बातचीत में बताया, “मुझे आज भी याद है, टूर्नामेंट से पहले टीम चयन के दौरान मेरी ईशान से फोन पर बात हुई थी। मैंने उनसे पूछा था कि क्या आप मेरे लिए विश्व कप जीतेंगे? उन्होंने जवाब दिया, ‘मुझ पर थोड़ा भरोसा रखो, मैं यह करके दिखा दूंगा।'”
गौरतलब है कि ईशान किशन दो साल तक इंटरनेशनल क्रिकेट से बाहर थे और उन्हें बीसीसीआई के सेंट्रल कॉन्ट्रैक्ट से भी बाहर कर दिया गया था। लेकिन उन्होंने घरेलू क्रिकेट में कड़ी मेहनत जारी रखी और सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में झारखंड को चैंपियन बनाया। फाइनल में उन्होंने 45 गेंदों पर शतक लगाकर सबको प्रभावित किया।
न्यूजीलैंड के खिलाफ शतक ने पक्की की जगह
इसीप्रदर्शन के दम पर ईशान को न्यूजीलैंड के खिलाफ टी20 सीरीज में वापसी का मौका मिला। इस सीरीज में उन्होंने कमाल की बल्लेबाजी करते हुए कुल 215 रन बनाए। पांचवें टी20 मैच में उन्होंने महज 42 गेंदों में शतक जड़ दिया और इसी के साथ टी20 विश्व कप की टीम में अपनी जगह पक्की कर ली।
विश्व कप में 317 रन, भारत बना चैंपियन
ईशान किशन नेअपने कप्तान के भरोसे को सही साबित किया। टी20 विश्व कप 2026 में उन्होंने 317 रन बनाए और भारत को खिताब दिलाने में अहम भूमिका निभाई। सूर्यकुमार ने कहा, “उन्होंने कड़ी मेहनत की और टीम में वापसी के बाद अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन किया।”

