Kullu News: हिमाचल प्रदेश में इन दिनों बर्फबारी की वजह से सड़कों पर आवाजाही लगातार प्रभावित हो रही है। बंद मार्गों को फिर से खोल कर यातायात को सुगम बनाना प्रशासन के लिए एक बड़ी चुनौती है। इसी बीच शनिवार को खाद्य सामग्री व अन्य सामान लेकर लेह जा रहे वाहन सुबह दारचा से सरचू होते हुए लेह रवाना हो गए।
मार्ग बंद होने से यह ट्रक दारचा में फंसे थे। धूप खिलते ही व बारालाचा दर्रे में हालात सामान्य होते देख लाहौल स्पीति प्रशासन ने मनाली लेह मार्ग एक तरफा वाहनों के लिए बहाल कर दिया। आज मनाली से वाहन लेह की ओर रवाना हुए जबकि रविवार को लेह की ओर से वाहन मनाली आएंगे। हालांकि अभी बारालाचा के हालात को देखते हुए प्रशासन ने फोर व्हील ड्राइव वाहनों को ही आने जाने की अनुमति दी है।
बर्फबारी के चलते फंस गए थे वाहन
वीरवार को हिमपात होने के चलते लेह से आ रहे तीन दर्जन वाहन बारालाचा में फंस गए थे जिस कारण प्रशासन को रेस्क्यू अभियान चलाना पड़ा था। हालात को देखते हुए प्रशासन ने मार्ग बंद कर दिया था, जिस कारण खाद्य सामग्री व अन्य सामान लेकर जा रहे सौ से अधिक ट्रक दारचा में फंस गए थे। आज हालात सामान्य होते देख सभी लेह रवाना हो गए हैं।
फंसे लोगों का किया गया रेस्क्यू
मनाली लेह मार्ग पर सफर करने वाले लोगों के लिए वीरवार का दिन कष्ट भरा रहा। शाम सात बजे से रात एक बजे तक अलग अलग तीन रेस्क्यू अभियान चलाने पड़े। हालांकि सभी भाग्यशाली रहे और बर्फ से लदे बारालाचा दर्रे से सुरक्षित केलंग पहुंच गए। बारालाचा दर्रे हालात देख लाहुल स्पीति प्रशासन ने वाहनों की आवाजाही हालात सामान्य होने तक रोक दी है।
बारालाचला में एक ट्रक बीच सड़क में खराब हो गया। जिस कारण वाहन फंस गए। लाहुल स्पीति पुलिस व बीआरओ 70 बीआरसीसी टीम की मदद से सुरक्षित निकाल लिया गया जिससे सड़क को यातायात के लिए खोल दिया गया है।