Madhya Pradesh News: मध्य प्रदेश के टीकमगढ़ जिले में सनसनी फैल गई है। पूर्व मुख्यमंत्री उमा भारती की बहू और जिला पंचायत अध्यक्ष उमिता लोधी को जान से मारने की धमकी मिली है। धमकी का अंदाज इस कदर का था कि उन्हें बम से उड़ाने की बात कही गई। पहले फेसबुक पर अभद्र टिप्पणी की गई और फिर देर रात दो अज्ञात युवक उनके बंगले पर पहुंच गए। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
फेसबुक पोस्ट पर मिली बम से उड़ाने की धमकी
जिलापंचायत अध्यक्ष उमिता लोधी ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि 21 फरवरी को उन्होंने अपने आधिकारिक फेसबुक अकाउंट पर एक पोस्ट किया था। इसी पोस्ट पर 22 फरवरी की रात करीब 11 बजे जीडब्ल्यू बृजेंद्र कुशवाहा नाम की आईडी से धमकी भरा कमेंट आया। कमेंट में उन्हें और उनके पति एवं पूर्व मंत्री राहुल लोधी को बम से उड़ाने की बात कही गई। उमिता लोधी ने इस धमकी का स्क्रीनशॉट लेकर तुरंत सुरक्षित कर लिया।
बंगले पर पहुंचे दो अज्ञात युवक, मचा बवाल
फेसबुक पर धमकीमिलने के कुछ देर बाद ही उनके बंगले पर दो अज्ञात युवक पहुंच गए। दोनों युवकों ने अपने चेहरे कपड़ों से ढके हुए थे। उमिता लोधी ने बताया कि उन्होंने छज्जे से इन दोनों को देखा। युवकों ने उन्हें गालियां देना शुरू कर दिया और जान से मारने की धमकी दी। उनके शोर मचाने पर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दोनों आरोपी वहां से फरार हो चुके थे।
पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच में जुटी
घटनाकी जानकारी मिलते ही पुलिस हरकत में आ गई। उमिता लोधी की शिकायत पर देहात थाने में अज्ञात आरोपियों के खिलाफ धारा 296(बी), 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि धमकी को गंभीरता से लिया जा रहा है। आरोपियों की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है।
साइबर टीम कर रही फर्जी आईडी की जांच
पुलिस नेबताया कि जिस फेसबुक आईडी से धमकी दी गई है, उसकी जांच के लिए साइबर सेल की टीम लगा दी गई है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि आईडी के पीछे असली आरोपी कौन है और उसने यह धमकी क्यों दी। फिलहाल पुलिस ने मामले की हर एंगल से जांच शुरू कर दी है और जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार करने का दावा किया है।
