Mandi News: उपमंडल धर्मपुर की भरौरी पंचायत के भरौरी गांव में शनिवार को चोरों ने मकान में सेंधमारी कर वहां रखी 90 हजार रुपये की नकदी और करीब 6 लाख रुपये के गहनों पर हाथ साफ कर दिया। घटना का पता चलने पर परिवार के लोगों ने पुलिस थाना धर्मपुर में शिकायत दर्ज करवाई है। पुलिस ने अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
भरौरी निवासी रविदास पुत्र स्व. लेखराज के घर पर चोरों ने सुबह करीब साढ़े ग्यारह बजे उस समय सेंधमारी की जब घर के सभी सदस्य अपने अपने-काम के लिए घर से बाहर गए थे। दोपहर को लौटने पर उनको चोरी की घटना का पता चला। सूत्रों के अनुसार रविदास ने घर की छत की चादरें खरीदने के लिए पैसा रखा था। रविदास पुरोहित का काम करता है। शनिवार सुबह वे काम से घर से बाहर गए थे।
रविदास की मां मनरेगा में कार्य करने गई थीं। बड़ा भाई मामा के पास गया था। रविदास की पत्नी बेटी को आंगनबाड़ी से घर लाने गई थी। घटना को अंजाम देने के लिए चोरों ने घर का ताला तोड़कर नकदी और गहनों पर हाथ साफ किया है। इस वारदात के बाद गांव के लोग सहम गए हैं। रविदास की पत्नी जैसे ही बेटी को लेकर घर पंहुची। उसने कमरे में सारा सामान बिखरा पाया।
उसने इसकी सूचना पति, सास और जेठ को दी। साथ ही धर्मपुर पुलिस थाना को भी घटना की जानकारी दी। पुलिस ने चोरों की धरपकड़ के लिए जाल बिछा दिया। सूचना मिली है कि रविदास के घर के पास सड़क पर तीन अनजान लोग मोटर साइकिल में देखे गए। वे वहां लकड़ी काटने की बात कर रहे थे। आशंका है कि इन्हीं ने चोरी को अंजाम दिया हो।
चार घंटों में पकड़े चोरी के आरोपी
धर्मपुर (मंडी)। चोरी की घटना को अंजाम देने वाले जम्मू निवासी दो आरोपियों को जोगिंद्रनगर पुलिस की मदद से सामान सहित पुलिस ने चार घंटे में धर दबोचा। भरोरी में चोरी की घटना का पता चलते ही धर्मपुर थाना प्रभारी रजनीश ठाकुर ने आसपास के थानों में इस बारे में सूचित किया।
घटा पुलिस की सहायता से दो आरोपियों शाहनबाज कठुआ, मोहमद रफीक कठुआ को गिरफ्तार करके जोगिंद्रनगर थाना लाया गया। यहां धर्मपुर थाना प्रभारी रजनीश ठाकुर दलबल के साथ जोगिंद्रनगर पहुंच गए। आरोपियों को पकड़ने के बाद उम्मीद भी जगी है कि दो दिन पहले लडभड़ोल क्षेत्र में जो दो जगह चोरी की घटनाएं घटी हैं उनका भी सुराग मिल सकता है। डीएसपी सरकाघाट कुलदीप धीमान ने कहा कि मामले की छानबीन जारी है।