Punjab News: पंजाब के गुरदासपुर जिले में भारत-पाकिस्तान सीमा के पास एक पुलिस चौकी पर हुए हमले ने पूरे देश को हिलाकर रख दिया है। रविवार-सोमवार की दरमियानी रात हुए इस हमले में एएसआई गुरनाम सिंह और होमगार्ड जवान अशोक कुमार शहीद हो गए। इस घटना के बाद एक ओर जहां आतंकी संगठन ने जिम्मेदारी ली है, वहीं लॉरेंस बिश्नोई गैंग ने खुली बदले की धमकी दी है।
सीमा से सटी चौकी पर कैसे हुआ हमला?
यह पूरी घटना गुरदासपुर के अधियां गांव में स्थित पुलिस चेकपोस्ट की है, जो अंतरराष्ट्रीय सीमा से महज 1 से 2 किलोमीटर दूर है। 21-22 फरवरी की रात को दोनों जवान अकेले तैनात थे। सुबह जब गांव के सरपंच मौके पर पहुंचे तो उन्होंने देखा कि एएसआई गुरनाम सिंह कुर्सी पर बैठे हाथ जेब में डाले मृत अवस्था में थे, जबकि होमगार्ड अशोक चारपाई पर रजाई ओढ़े पड़े थे। दोनों के सिर और सीने में गोलियां लगी थीं। मौके से 4 से 6 खाली कारतूस भी बरामद हुए हैं।
पुलिस का मानना है कि यह हमला सोते वक्त किया गया, क्योंकि किसी तरह के प्रतिरोध के निशान नहीं मिले हैं। सीमावर्ती इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया गया है और नाकाबंदी बढ़ा दी गई है।
तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान ने ली जिम्मेदारी
इस हमले को लेकर सोशल मीडिया पर एक पोस्टर वायरल हुआ है, जिसमें ‘तहरीक-ए-तालिबान हिंदुस्तान’ (TTH) के ‘अल-बुर्क ब्रिगेड’ ने हमले की जिम्मेदारी ली है। पोस्टर में इसे ‘गजवा-ए-हिंद’ की सफलता बताया गया है और सुरक्षा बलों को धमकी दी गई है।
हालांकि, गुरदासपुर एसएसपी आदित्य ने इन दावों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि भारत या पंजाब में ऐसे किसी संगठन की पुष्टि नहीं है। यह सिर्फ प्रचार या जांच को भटकाने की कोशिश हो सकती है।
लॉरेंस बिश्नोई गैंग की धमकी
इस मामले में अब गैंगवार भी शामिल हो गया है। लॉरेंस बिश्नोई गैंग के सदस्य हैरी बॉक्सर ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर कहा है, ‘हमारे देश के दो काबिल और ईमानदार अफसरों को आतंकियों ने शहीद किया है। हम इसका बदला खून से लेंगे। तुमने 2 शहीद किए हैं, हम 10 मारेंगे।’
उन्होंने आतंकवादियों का साथ देने वाले गैंगस्टरों को भी चेतावनी दी है। यह धमकी सीधे तौर पर TTH को दी गई है।
पाकिस्तानी डॉन शहजाद भट्टी का वीडियो वायरल
इस बीच पाकिस्तान स्थित डॉन शहजाद भट्टी का एक वीडियो भी वायरल हुआ है। इसमें कथित तौर पर एएसआई गुरनाम सिंह को सोते वक्त सिर में गोली मारते दिखाया गया है। भट्टी ने एक ऑडियो में पंजाब पुलिस की कार्यशैली पर सवाल भी उठाए हैं। हालांकि, कई मीडिया रिपोर्ट्स ने इस वीडियो की पुष्टि नहीं की है। शहजाद भट्टी का नाम पहले भी पंजाब में ग्रेनेड हमलों में आ चुका है।
मुख्यमंत्री भगवंत मान का ऐलान
पंजाब के मुख्यमंत्री भगवंत मान ने दोनों शहीद जवानों को श्रद्धांजलि दी है। उन्होंने शहीद एएसआई गुरनाम सिंह और होमगार्ड अशोक कुमार के परिवारों को 1-1 करोड़ रुपये की आर्थिक सहायता देने की घोषणा की है।
पुलिस मामले की हर एंगल से जांच कर रही है। फिलहाल आतंकी एंगल से इनकार नहीं किया गया है और लॉरेंस गैंग की धमकी ने माहौल को और तनावपूर्ण बना दिया है।
