Mumbai News: टी20 वर्ल्ड कप 2026 के सेमीफाइनल मुकाबलों का शेड्यूल तय हो गया है। पहला सेमीफाइनल 4 मार्च को कोलकाता के ईडन गार्डन्स में न्यूजीलैंड और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेला जाएगा। दूसरा सेमीफाइनल 5 मार्च को मुंबई के वानखेड़े स्टेडियम में भारत और इंग्लैंड के बीच होगा। दोनों मैचों के लिए रिजर्व डे भी रखा गया है। आइए जानते हैं कि बारिश हुई तो फाइनलिस्ट का फैसला कैसे होगा।
सेमीफाइनल के नतीजे के लिए कितने ओवर जरूरी?
आईसीसीके नियमों के मुताबिक, सेमीफाइनल मैच का नतीजा निकालने के लिए कम से कम 10-10 ओवर का खेल होना अनिवार्य है। अगर निर्धारित दिन पर 10 ओवर का खेल भी नहीं हो पाता है तो मैच रिजर्व डे पर खेला जाएगा। रिजर्व डे पर भी कम से कम 10-10 ओवर का खेल जरूरी है।
रिजर्व डे भी धुला तो कौन जाएगा फाइनल?
अगर रिजर्व डेपर भी मौसम की वजह से 10-10 ओवर का खेल नहीं हो पाता है तो मुकाबला रद्द कर दिया जाएगा। ऐसी स्थिति में सुपर-8 के ग्रुप स्टेज में टॉप पर रहने वाली टीम को फाइनल में जगह मिलेगी। ग्रुप ए में दक्षिण अफ्रीका टॉप पर है, जबकि ग्रुप बी में इंग्लैंड ने टॉप किया है।
किसके लिए राहत, किसके लिए झटका?
अगर सेमीफाइनल मैच रद्द होतेहैं तो इसका सीधा फायदा दक्षिण अफ्रीका और इंग्लैंड को होगा। ये दोनों टीमें बिना सेमीफाइनल खेले ही फाइनल में पहुंच जाएंगी। वहीं भारत और न्यूजीलैंड के लिए यह स्थिति बिल्कुल भी अच्छी नहीं है। ऐसे में दोनों ही टीमें उम्मीद करेंगी कि मैच बिना किसी रुकावट के पूरे हों।
