Delhi News: दिल्ली के पॉश इलाके वसंत कुंज स्थित एक नामी आश्रम में यौन उत्पीड़न का बड़ा मामला सामने आया है। आश्रम संचालक स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती पर वहां पढ़ रही 17 छात्राओं ने छेड़छाड़ और अश्लील हरकतों के गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस शिकायत मिलने के बाद आरोपी फरार हो गया है और उसकी तलाश जारी है।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ यौन उत्पीड़न से जुड़ी धाराओं में मामला दर्ज किया है। शिकायत दक्षिण भारत के श्री शृंगेरी मठ के प्रशासक पी.ए. मुरली ने दी थी। पुलिस ने आश्रम से सीसीटीवी फुटेज सहित सबूत जब्त किए हैं और जांच तेज कर दी है।
छात्राओं के गंभीर आरोप
छात्राओं ने पुलिस और अदालत में दिए बयान में आरोप लगाया है कि स्वामी चैतन्यानंद ने उनके साथ अश्लील भाषा का इस्तेमाल किया। उन्होंने आपत्तिजनक मैसेज भेजे और जबरन शारीरिक संपर्क बनाने की कोशिश की। यह घटनाएं पोस्ट ग्रेजुएट डिप्लोमा कोर्स कर रही छात्राओं के साथ हुई हैं।
पीड़िताओं का यह भी आरोप है कि आश्रम की कुछ महिला फैकल्टी और वॉर्डन ने आरोपी का साथ दिया। उन्होंने छात्राओं पर स्वामी की मांगें मानने का दबाव बनाया। वॉर्डन छात्राओं को आरोपी से मिलवाती थीं।
आरोपी की फरारी और पुलिस की कार्रवाई
मामला दर्ज होते ही स्वामी चैतन्यानंद आश्रम से फरार हो गए। पुलिस की कई टीमें उनकी तलाश में जुटी हैं। सूत्रों के मुताबिक, आरोपी की आखिरी लोकेशन आगरा और आसपास के इलाकों में मिली थी। पुलिस ने उनकी वॉल्वो कार भी जब्त कर ली है।
जांच में पता चला है कि आरोपी ने अपनी कार पर संयुक्त राष्ट्र का फर्जी नंबर प्लेट लगा रखा था। कार पर “39 UN 1” नंबर लिखा था जो पूरी तरह से नकली पाया गया। यूएन ने पुष्टि की कि उसने ऐसा कोई नंबर जारी नहीं किया है।
अदालत में दर्ज हुए पीड़िताओं के बयान
पुलिस ने मामले की गंभीरता को देखते हुए 16 पीड़ित छात्राओं के बयान दिल्ली की पटियाला हाउस कोर्ट में दर्ज कराए हैं। ये बयान दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 164 के तहत दर्ज किए गए हैं। अब तक कुल 32 छात्राओं के बयान दर्ज किए जा चुके हैं।
दक्षिण-पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त अमित गोयल ने बताया कि जांच सभी पहलुओं से की जा रही है। आश्रम प्रशासन ने भी आरोपी को उनके पद से हटा दिया है। यह आश्रम दक्षिण भारत के एक प्रमुख मठ की शाखा है जिसकी दिल्ली में जिम्मेदारी चैतन्यानंद को सौंपी गई थी।
पुलिस फॉरेंसिक जांच के लिए आश्रम से सिक्योर की गई हार्ड डिस्क एफएसएल भेज चुकी है। सीसीटीवी फुटेज का विश्लेषण किया जा रहा है। आश्रम में दो बैच चल रहे हैं जिनमें 35 से अधिक छात्राएं पढ़ती हैं। पुलिस जल्द से जल्द आरोपी को गिरफ्तार करने का प्रयास कर रही है।
